आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के कॉलेजों में एमएससी और एमएसडब्ल्यू में प्रवेश के लिए आज प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी, एमएससी के छात्र उलझन में फंस सकते हैं।
विवि द्वारा एमएससी के फिजिक्स, मैथ, जुलॉजी, बोटनी और केमिस्ट्री सहित एमएसडब्ल्यू में प्रवेश के लिए बुधवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आगरा कॉलेज में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। समन्वयक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र नहीं मिले हैं, वे सुबह आगरा कॉलेज से प्रवेश पत्र ले सकते हैं।
एमएससी के लिए 100 सवाल, एक पेपर
विवि द्वारा 5 विषयों में एमएससी के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है, ऐसे में कुछ अभ्यर्थियों ने दो या तीन विषयों से एमएससी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इन अभ्यर्थियों को एक ही पेपर देना होगा। समन्वयक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि एमएससी प्रवेश परीक्षा में 250 सवाल पूछे जाएंगे, प्रत्येक विषय के 50, 50 सवाल होंगे, अभ्यर्थियों को किन्हीं दो विषयों के 100 सवालों का जवाब देना होगा।