आगरालीक्स…आगरा में कई स्थानों पर गंदगी और नालियों के उफान लेने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोकुलपुरा में प्रसिद्ध गणेश मंदिर के समीप की पीपल वाली गली में सफाई नहीं होने से काफी समय से गंदगी उफन रही है। शिकायतों पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। गली के वाशिंदों के साथ क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गली में हमेशा गंदगी व्याप्त रहती है। शिकायतों पर सफाईकर्मी द्वारा सुनवाई नहीं की जाती है। गली के लोगों ने गंदगी से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
शहर के कई स्थानों पर गंदगी
इसी प्रकार शहर के प्रमुख बाजार राजामंडी में पुलिस चौकी से आगे तीन दिन तक गंदा पानी भरा रहने के बाद पानी की निकासी तो कर दी है लेकिन एक साइड का मलबा नहीं उठाया गया है, जिससे और गंदगी की व्याप्त हो गई है। इसी प्रकार पुलिस चौकी पाय के समीप नालियों के साफ नहीं होने से सड़क पर कई दिन तक गंदा पानी बहता रहा। किसी तरह से क्षेत्रीय लोगों ने नाली को साफ कर दिया तो उतना हिस्से से पानी निकलकर अब पुलिस चौकी के आगे जाम हो गया है, जिससे ढलान से सारा पानी जैन मंदिर की ओर जा रहा है। घटिया आजम खां से सिटी स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर बने डलाबघर के समीप गंदगी बिखरी रहती है। इसी के समीप दूसरी साइड में टेंपो मरम्मत के लिए खड़े रहते हैं, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है। यहां की सड़क को भी काट दिया गया है।
मामूली बारिश से गंदगी उफनी
शहर में आज सुबह से हुई रिमझिम बारिश के बाद शहर की सड़कों पर गंदगी उफन आई है, जहां सफाई नहीं हुई है, वहां नारकीय हालात हो गए हैं। कई स्थानों पर फिसलन के साथ गंदगी से बुरा हाल हो गया है। कई स्थानों पर शादी-विवाह समारोह के बाद हुए कूड़े को नहीं उठाने के कारण गंदगी व्याप्त हो गई है।