आगरालीक्स…(16 December 2021 Agra News) आगरा में गलनभरी सर्दी पड़ रही है. ताजमहल पर बढ़ रहे पर्यटक. कोहरे की हो रही शुरुआत. कोहरे को लेकर यातायात पुलिस ने दिया मैसेज
आगरा में गलनभरी सर्दी
आगरा में तापमान में लगातार कमी आ रही है. इस समय गलनभरी सर्दी पड़ रही है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है. गुरुवार को भी आगरा में दिन में भी ठंड महसूस हुई. वहीं शाम होते ही ठंडी हवाएं चल रही हैं. गुरुवार को आगरा का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से कमी आएगी. आगामी रविवार और सोमवार को बारिश की संभावना भी जताई जा रही है. बारिश होती है तो आगरा का न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसके अलावा अधिकतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है. मौसम विभाग का मानना है कि आगरा में कोहरे की चादर छा सकती है. सुबह और रात को कोहरा का प्रभाव दिखना भी शुरू हो गया है.
ताजमहल पर बढ़े पर्यटक
इधर मौसम का असर आगरा में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के रूप में भी देखा जा रहा है. आगरा में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है. पर्यटन सीजन भी चल रहा है. गुरुवार को भी ताजमहल सहित अन्य स्मारकों आगरा फोर्ट और फतेहपुर सीकरी पर पर्यटक अच्छी खासी संख्या में दिखाई दिए. इधर आगरा की यातायात पुलिस द्वारा कोहरे को लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है. आप भी देखिए मैसेज…