Electricity Transformer blast in Agra, JE & 2 other dead, one injured
आगरालीक्स ….आगरा में विद्युत सबस्टेशन के ट्रांसफारमर में ब्लास्ट से जेई सहित तीन की मौत हो गई। ब्लास्ट के बाद ट्रांसफारमर से खौलता तेल और आग के गोले निकले। पास खड़े जेई, सब स्टेशन ऑफीसर और दो प्राइवेट कर्मचारी चपेट में आ गए। चारों के शरीर से लपटें उठने लगीं। जेई और एसएसओ बालू में लेट गए। दोनों कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि रात को दिल्ली में इलाज के दौरान जेई की भी मौत हो गई।
नगला पैमा (ताजगंज) स्थित 132 केवीए भीमनगरी विद्युत सबस्टेशन है, शनिवार रात से सबस्टेशन की लाइट खराब थी, रविवार सुबह 11 बजे जेई किशन सिंह, एसएसओ हरि प्रसाद की मौजूदगी में प्राइवेट ठेकेदार के दो कर्मचारी लाइट सही कर रहे थे। एक कर्मचारी का नाम विक्रम (नगला भोजा, बरहन) था। दूसरे की पहचान नहीं हो सकी है। जंफर जोड़ने के बाद बिजली चालू करते ही जोर का धमाका हुआ। आस-पास का इलाका हिल गया।
ट्रांसफारमर से निकले आग के गोले
ट्रांसफारमर के अंदर से आग के गोले पास खड़े लोगों पर गिरे। आग ने जेई, एसएसओ और दोनों कर्मचारियों को चपेट में ले लिया। वे जान बचाने के लिए चीखते हुए भागे। यह देख सब स्टेशन पर मौजूद अन्य कर्मचारियों के होश उड़ गए। वे समझ नहीं पाए कि क्या करना है। जेई और एसएसओ ने पास में पड़ी रेत में लोट लगाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने रेत उठाकर उनके ऊपर डालना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर बाहर से कुछ लोग कंबल व रजाई लेकर आए। दोनों कर्मचारियों पर डालकर आग बुझाई। गंभीर हालत में चारों को नर्सिंग होम भेजा गया। जहां दोनों कर्मचारियों को मृत घोषित कर दिया गया। एक कर्मचारी की पहचान नहीं हो सकी है।
दिल्ली में इलाज के दौरान जेई की मौत
गंभीर हालत में जेई व एसएसओ को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। जेई किशन सिंह की इलाज के दौरान रात को मौत हो गई।