आगरालीक्स ..ताजनगरी में पानी के लिए लडाई लड रहे पूर्व कैबिनेंट मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा महेंद्र अरिदमन सिंह ने बारिश की एक एक बूंद से धरती मां की कोख भरने का आंदोलन शुरू किया है। वे गंगाजल प्रोजेक्ट की परिकल्पना साकार होने के बाद आगरा के भूगर्भ जलस्तर में सुधार के लिए जन आंदोलन शुरू कर रहे हैं।
पूर्व कैबिनेंट मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा महेंद्र अरिदमन सिंह
सोमवार को जिला सहकारी बैंक में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व कैबिनेंट मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह ने बताया कि आगरा के अधिकांश ब्लॉक डार्क जोन में पहुंच चुके हैं। साल दर साल भूगर्भ जल स्तर गिरता जा रहा है। आगरा में जल संकट गहराता जा रहा है, इसे जनसहभागिता से दूर किया जा सकता है। इसके लिए आगरा और देहात के सभी ब्लॉक के तालाबों को चिन्हित किया गया है। इसमें से अधिकांश तालाब गंदगी से पटे हैं, कुछ तालाबों में अवैध कब्जा है। पहले चरण में तालाबों की खुदाई की जाएगी, उस क्षेत्र के लोगों के साथ जिला प्रशासन के माध्यम से मनरेगा के तहत इन तालाबों की खुदाई की जाएगी। हर ब्लॉक से 10 तालाबों की खुदाई का लक्ष्य रखा गया है, इसकी शुरूआत बाह के तालाब से होगी। जिससे मानसून की बारिश से पहले आगरा में तालाबों की खुदाई हो सके, इन तालाबों में बारिश का पानी भरेगा, इससे भूगर्भ जलस्तर में सुधार होगा। यह प्रयास आगरा के सभी ब्लॉकों में लोगों की जन सहभागिता से किया जाएगा। इसे एक आंदोलन के रूप में खडा करने के लिए हर ब्लॉक में लोगों से संपर्क किया जा रहा है। मदन मोहन शर्मा मौजूद रहे।