आगरालीक्स.. (Agra News 11th July)आगरा के आरबीएस कालेज में गणित के प्रोफेसर पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल सिंह ने सपा ज्वाइन की, जानें राजनीति में अलग पहचान बनाने वाले डॉ धर्मपाल सिंह का राजनैतिक गणित.
सपा कार्यालय, लखनऊ में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एत्मादपुर से पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल सिंह को सपा की सदस्यता ग्रहण कराई। डॉ धर्मपाल सिंह अब सपा से चुनाव लडेंगे, संभावना है कि एत्मादपुर सीट से सपा डॉ धर्मपाल को प्रत्याशी घोषित कर सकती है। डॉ धर्मपाल अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए हैं।
तीन बार रह चुके हैं विधायक
डॉ धर्मपाल सिंह पहली बार जनमोर्चा पार्टी से दयालबाग से चुनाव जीते थे, इसके बाद एत्मादपुर सीट से बसपा से चुनाव जीते। पिछले चुनाव में भाजपा की लहर में वे चुनाव हार गए थे और लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली है।
आरबीएस डिग्री कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर
डॉ धर्मपाल सिंह आरबीएस डिग्री कॉलेज में गणित विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं और आज भी कक्षाएं लेते हैं। राजनीति के साथ ही अध्यापन कार्य में भी उनकी अलग पहचान है।
कई और पूर्व विधायक सपा में हो सकते हैं शामिल
2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कई और विधायक सपा ज्वाइन कर सकते हैं। खेरागढ, फतेहपुर सीकरी सीट के पूर्व विधायक सपा के संपर्क में हैं। अगले एक महीने में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
बसपा से लोकसभा चुनाव लड चुके कुंवर चंद वकील भी सपा में शामिल
इसके साथ ही बसपा नेता और बसपा से आगरा सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड चुके कुंवर चंद वकील भी सपा में शामिल हो गए हैं।