आगरालीक्स…बेटी की शादी के दहेज में दिया बुलडोजर. इसके पीछे बताई ये गजब वजह…
शादी के दहेज में कार या मोटर साइकिल देने के बारे में तो आपने सुना ही होगा लेकिन कभी आपने ऐसा सुना है कि दहेज में बुलडोजर दिया है…नहीं न…लेकिन यूपी के हमीरपुर से एक ऐसा अजब मामला सामने आया है जिसमें बेटी को शादी के दहेज में पिता ने बुलडोजर दिया है. बुलडोजर देने वाले पिता ने इसके पीछे वजह भी बताई है.
जानें पूरा मामला
मामला हमरीपुर के सुमरेपुर थाना क्षेत्र के देव गांव है. यहां पूर्व सैन्यकर्मी परसराम प्रजापति ने अपनी बेटी नेहा की शादी एयरफोर्स में तैनात विकास उर्फ योगेंद्र के साथ तय की थी. नेहा भी सिविल सेवा की तैयारी कर रही है. 15 दिसंबर को नेहा और योगेंद्र की शादी धूमधाम से हुई. सुबह जब विदाई हुई तो मैरिजहॉल के बाहर खड़े एक सजे सजाए बुलडोजर को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रह गया. इस पर दूल्हे के पिता ने स्वामीदीन ने बताया कि हमें बहू के पिता ने गिफ्ट में बुलडोजर दिया है. गिफ्ट में बुलडोजर देखकर हर कोई हैरान रह गया और इसके पीछे की वजह जानने की कोशिश में जुट गए.

दुल्हन नेहा के पिता ने बताया कि योगेंद्र एयरफोर्स में है और बेटी सिविल सेवा की तैयारी कर रही है. दहेज में कार दी जाती तो वह खड़ी ही रहती लेकिन बुलडोजर तो आमदनी का जरिया बनेगा. इस पर नेहा ने कहा कि पापा के इस तर्क को सभी ने स्वीकार किया है. ये हमारे लिए आमदनी का जरिया बनेगा और मुझे भी पति से पैसे मांगने नहीं पड़ेंगे. वहीं दूल्हे योगेंद्र ने भी कहा कि ससुर फौजी रहे हैं तो वह अच्छी तरह से जानते हैं कि घर पर फौजी कितना रुकता है. इसलिए उन्होंने कार की बजाए बुलडोजर देना सही समझा. वैसे भी मैं कार लेता तो चलाने का समय भी नहीं मिलता और वह ज्यादातर खड़ी ही रहती, लेकिन बुलडोजर से दो लोगों को रोजगार भी मिलेगा.