आगरालीक्स आगरा में लॉक डाउन और आनलाइन क्लासेज में स्कूल की फीस को लेकर चल रहे विवाद पर विराम लगाने के लिए 30 जुलाई को बैठक होगी..शिक्षा विभाग, पैरेंटस और स्कूल एसोसिएशन के साथ बैठक करेगा। इसमें फीस को लेकर चले रहे विवाद पर निर्णय लिया जाएगा।
आगरा में लॉक डाउन के दौरान की स्कूल की फीस माफ करने और आनलाइन क्लासेज में टयूशन फीस लेने को लेकर अभिभावकों की संस्था पापा सहित अन्य संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन के हस्तक्षेप पर स्कूल की फीस को लेकर चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए 30 जुलाई को बैठक बुलाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी के कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में सुबह 11 बजे से बैठक होगी। इसमें फीस पर निर्णय लिया जाएगा।
सभी के अलग अलग तर्क, आनलाइन क्लासेज भी बंद
स्कूल की फीस के मामले में अभिभावकों की एसोसिएशन पफीस ना लेने का तर्क दे रही है तो स्कूलों की एसोसिएशन द्वारा फीस ना मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों की तनख्वाह देना मुश्किल बताया जा रहा है, कुछ स्कूलों में शिक्षकों की तनख्वाह नहीं दी जा रही है, कर्मचारियों को निकाल दिया गया है। आनलाइन क्लासेज भी बंद कर दी गईं हैं।