आगरालीक्स… आगरा में युवक को थर्ड डिग्री देने के बाद 2.40 लाख रुपये वसूलने के आरोप में दो सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाहियों पर मुकदमा दज हुआ है। कोर्ट के आदेश पर थाना जगदीश पुरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में डीजीपी से भी शिकायत की गई है।
16 अप्रैल को पुलिस ने बीधा, नगर बोदला निवासी जितेंद्र सिंह राठौर को घर से उठाया गया था। एसएसपी के सामने पेश हुए जितेंद्र ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी क्राइम मनोज सोनकर को दी थी। सीओ लोहामंडी चमन सिंह चावड़ा की रिपोर्ट के आधार पर एसपी क्राइम ने आरोपित पुलिस कर्मियों को क्लीनचिट दी थी।
जितेंद्र सिंह ने इस संबंध में कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट के आदेश पर एसआई हितेश कुमार, विनीत राणा, सिपाही निशांत चौहान, रविंद्र व मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमा मौत का भय दिखाकर पैसा वसूली, जेल भेजने का भय दिखाना, जान लेवा हमला, मारपीट, गाली-गलौज, हत्या की धमकी और अवैध हिरासत में रखने की धारा के तहत दर्ज हुआ है।
पुलिस अभिरक्षा से भागने पर आई चोट
मुकदमे में नामजद सिपाही निशांत ट्रैफिक पुलिस में तैनात है। आरोप है कि जितेंद्र को घर से बुलाने वह गया था। पूर्व में निशांत लोहामंडी सर्किल में सिविल पुलिस में रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि जितेंद्र सट्टेबाज है। उसके खिलाफ पुलिस के पास सट्टे की रिकार्डिंग है। आरोपित ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया था। इस कारण उसे चोट आई थी।