आगरालीक्स ..आप नेता संजय सिंह पर अलीगढ़ और लखीमपुर खीरी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को लखनऊ में भड़काऊ बयान देना भारी पड़ा। अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सूतमिल निवासी दीपक अग्रवाल ने इस संबंध में बन्नादेवी थाने में गुरुवार रात तहरीर दी थी। आप नेता संजय सिंह ने लखनऊ में बुधवार को प्रेस वार्ता में यूपी में केवल ठाकुरों की सरकार चलने का आरोप लगाते हुए एसटीएफ को स्पेशल ठाकुर फोर्स करार दिया था। कहा कि था लोगों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है। दीपक ने तहरीर में कहा है कि आप नेता के बयानों की जानकारी उसे समाचार पत्रों के माध्यम से हुई। इससे भावनाएं आहत हुई हैं। आप नेता का बयान समाज को बांटने व सामाजिक समरसता को बिगाड़ने वाला है। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे ने बताया कि भड़काऊ बयान देने व भावनाएं आहत करने की धाराओं में संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, लखीमपुर खीरी में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।