आगरालीक्स… आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य नरेंद्र सिंह, उनकी पत्नी और दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगरा कॉलेज में नौकरी लगवाने के लिए आठ लाख रुपये लेने के आरोप हैं, आरोप है कि नौकरी न मिलने पर रुपये वापस लेने की मांग की तो के लिए पूर्व प्राचार्य नरेंद्र सिंह ने अपनी पत्नी शशि यादव, बेटे इंद्रजीत यादव, अभिजीत यादव और दो और दोस्तों के साथ घर पर जाकर मारपीट और गाली गलौज की। इस मामले में थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आगरा कॉलेज में डॉ मनोज रावत के हटाए जाने के बाद सपा सरकार में नरेंद्र सिंह को प्राचार्य बनाया गया था। उन्होंने अपने परिचित दिनेश सिंह को कॉमर्स विभाग में क्लर्क के पद पर रख लिया। अब दिनेश सिंह ने प्राचार्य नरेंद्र सिंह, उनकी पत्नी और बेटों के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि प्राचार्य रहते हुए नरेंद्र सिंह ने नौकरी लगवाने के लिए 10 लाख रुपये मांगे थे, उन्होंने तीन बार में आठ लाख रुपये दे दिए। इसी बीच भाजपा सरकार आने के बाद नरेंद्र सिंह को प्राचार्य पद से हटा दिया गया और डॉ एके गुप्ता को प्राचार्य बना दिया। इससे दिनेश सिंह की स्थायी नौकरी की उम्मीद खत्म हो गई, इसके बाद वे रुपये वापस मांगने लगे।
27 अगस्त को घर पर आकर की मारपीट
आरोप है कि 27 अगस्त को होंडा सिटी कार से नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी शशि यादव बेटे इंद्रजीत यादव, अभिजीत यादव और दो और दोस्तों के ताजगंज स्थित घर पर आए, उस समय घर पर दिनेश सिंह नहीं थे। घर पर आते ही उन्होंने आठ लाख रुपयों का तगादा करने के लिए दिनेश सिंह और उनके पिता को बाहर आने के लिए कहा, वे घर पर नहीं थे तो दिनेश सिंह के भाई और पत्नी के साथ मारपीट और गाली गलौज की, आरोप है कि उनके हाथ में कटटे थे, इस मामले में थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।
