आगरालीक्स आगरा में अंसल एपीआई और राजदरबार ग्रुप पर मुकदमा। 14 लोगों को किया नामजद।
आगरा के कमला नगर के रहने वाले एवन सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकेश कुमार अग्रवाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कहा कि उनकी कंपनी का वर्ष 2012 में अंसल प्रोपर्टी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक एग्रीमेंट हुआ। इसके तहत उनकी जितनी भूमि अंसल एपीआई को उपलब्ध करानी थी, बदले में उतने की विकसित भूखंड अंसल को उनकी कंपनी को देने थे। उन्होंने 35288 वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री कर दी, अंसल ग्रुप ने वर्ष 2013 में 14522 वर्ग मीटर भूखंड ही आवंटित किया था, इनमें से कुछ भूखंड विकसित नहीं थे कई प्लाटों की जमीन ही नहीं खरीदी। इस पर 2016 में देवप्रिय दास, सुशील अंसल, प्रवण अंसल, योगेश गावा, विनय यादव सहित तीन चार अज्ञात के खिलाफ थाना हरीपर्वत में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। केस कोर्ट में विचाराधीन है, आरोपी जमानत पर हैं।
धोखाधड़ी का मुकदमा कराया दर्ज
मुकेश कुमार अग्रवाल का आरोप है कि 2022 में उन्हें दी गई जमीन से 10611 वर्ग मीटर जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट अंसल एपीआई के अधिक्रत प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने राजदरबार हर्बल के डायरेक्टर सोहन सिंह आदि की सहमति निर्देश पर अरुण गुप्ता ने रजिस्टर्ड विक्रय इकरारनामा कर दिया। इसमें उनसे धोखाधड़ी की गई, राजदरबार समूह को जमीन खरीद की जानकारी थी, इसके बाद भी उन्होंने जमीन खरीद ली। 2022 में जानकारी होने पर कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया है। डीसीपी सिटी सूरज राय का मीडिया से कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है, साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ये है अंसल ग्रुप और राजदरबार ग्रुप का कहना
अंसल ग्रुप के लीगल मैनेजर संदीप मिश्रा और राजदरबार ग्रुप के जीएम अमित वाष्र्णेय का मीडिया से कहना है कि एवन सोल्यूशंस से 45 मीटर रोड की डील हुई थी, एवन सोल्यूशंस् के मालिकान ने रोड के लिए जमीन नहीं दी, अंसल ग्रुप की तरफ से पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया गया था, दबाव बनाने के लिए क्रास मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुछ महीने पहले सिकंदरा थाने में एवन लैंड सोल्यूशंस के पदाधिकारियों के खिलाफ वासुदेव गर्ग की कंपनी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था, आरोप लगाए थे कि जो जमीन कंपनी को बेची गई थी उस पर कब्जा नहीं दिया गया, मुकदमे में विवेचना जारी है।
इनके खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा
इस मामले में धोखाधड़ी, कूटरचित प्रपत्र सहित अन्य धाराओं में सुशील अंसल, प्रणव अंसल, अनूप सेठी, जगत चंद्रा, संदीप कोहली, सतीश चंद्र ये सभी अंसल ग्रुप से हैं और कस्तूरी भवन नई दिल्ली के रहने वाले हैं। मथुरा के रहने वाले देवेंद्र अग्रवाल, अमिता गर्ग, राधिका गर्ग निवासी महारानी बाग नई दिल्ली, सोहन, धीरेंद्र, अरुण गुप्ता विकास पुरी एक्सटेंटशन नई दिल्ली और नीरज कुमार निवासी डीग भरतपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।