आगरालीक्स.. आगरा के भाजयुमो नेता पर शादी में हर्ष फायरिंग करने पर मुकदमा, पुलिस भाजयुमो नेता को अरेस्ट करेगी, लाइसेंस भी निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सात जुलाई को फीरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद स्थित न्यू सत्कार मैरिज होम में आगरा निवासी पंकज की शादी थी। शादी में शाहगंज, रूई की मंडी निवासी भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष गौरव राजावत भी पहुंचे थे। समारोह में लाइसेंसी शस्त्र से कई राउंड हर्ष फायरिंग की गई थी। कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग करने का वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद टूंडला पुलिस ने जांच की।
सब इंस्पेक्टर ने दर्ज कराया मुकदमा
हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उपनिरीक्षक अनिल कुमार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर टूंडला ज्ञानेन्द्र कुमार का मीडिया से कहना है कि आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी।