आगरालीक्स… आगरा में महिला बैंक कर्मचारी को बैंक अधिकारी अपने केबिन में बुलाकर अश्लील हरकत करता था, उसके घर जाने लगा और रेप किया, इस मामले में पुलिस ने रिटायर हो चुके बैंक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता ने बताया कि वह वर्ष 2013 में दिल्ली स्थित सरकारी बैंक में नियुक्त थी। वर्ष 2014 में बैंक के कार्यालय अध्यक्ष के तौर पर पवन कुमार शर्मा निवासी पुष्प विहार ट्रांसपोर्ट नगर, आगरा की नियुक्ति हुई। महिला बैंक कर्मचारी का आरोप है कि पवन कुमार उसे अपने केबिन में काम के सिलसिले में बुलाने लगा, केबिन में वह उसके साथ अश्लील हरकत करता था, इससे उनके बीच की दूरी कम होती गई, वे बाहर भी मिलने लगे।
आगरा करा लिया महिला बैंक कर्मचारी का तबादला
वर्ष 2016 में पवन कुमार सेवानिवृत्त होने के बाद आगरा में परिवार के साथ आ गया। इसलिए उसका तबादला भी आगरा करा दिया। यहां पर बैंक अधिकारी का उसके घर पर आना-जाना लगा रहा। उसके साथ कई बार अनैतिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि रिटायर्ड अधिकारी ने जीवन भर साथ रखने का वादा किया था। छह माह पहले जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए और मुझसे संबंध तोड़ लिया।
घर पर बुलाकर की मारपीट
महिला बैंक कर्मचारी का आरोप है कि 26 मार्च 2018 को पवन ने अपने घर बुलाया। यहां पर पवन के बेटे गौरव, बेटी गरिमा और बहू स्वाति ने उसके साथ मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और गालियां दी। गौरव ने उसका गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। थाना हरीपर्वत प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।