आगरालीक्स…आगरा को नए साल से मिलेगी ‘वंदे भारत’ की सौगात. आगरा से प्रयागराज के लिए चलेगी भगवा रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस. जानें कितने समय में पहुंचेगी और कौन—कौन से होंगे स्टॉपेज
आगरा के लिए अच्छी खबर है. नए साल से आगरा को अपनी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ की सौगात मिलने जा रही है. आगरा से प्रयागराज के बीच सुपरफास्ट ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने का प्रस्ताव है. आगरा रेल मंडल की यह पहली ट्रेन होगी जिसे यहीं के लोको पायलट और गार्ड चलाएंगे. अगर नये साल से यह ट्रेन शुरू हो जाती है तो जनवरी में ही प्रयागराज में होने वाले माघ मेले में पहुंचना आसान हो जाएगा. संगम स्नान के बाद लोग देर रात तक आगरा वापस भी लौट सकते हैं.
आगरा से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भगवा रंग की होगी. इसमें 11 कोच होंगे. यह ट्रेन साढ़े चार से पांच घंटे में आगरा से प्रयागराज की दूरी तय करेगी और इतने समय में ही वापस होगी. इस ट्रेन के लिए टूंडला, इटावा और कानपुर स्टेशन स्टॉपेज होंगे. बताया जाता है कि यह ट्रेन पहले आगरा कैंट से चलेगी लेकिन बाद में इसे मथुरा जंक्शन तक भी किया जा सकता है.