आगरालीक्स…भारत के लिए राहत की खबर…470 से ज्यादा भारतीय यूक्रेन से निकले. इन्हें बसों से रोमानिया भेजा जा रहा है..आगरा और आसपास के कई स्टूडेंट्स दूतावास के संपर्क में
रूस—यूक्रेन में छिड़े युद्ध के बीच भारत के लिए राहत की खबर है. यूक्रेन में फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है. यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा है कि भारत के करीब 470 से अधिक छात्र आज पोरूब्रेसिरेट सीमा के जरिए यूक्रेन से बसों में होकर रामानिया के लिए रवाना किया गया है. यहां पहुंचने के बाद इन सभी को फ्लाइट के द्वारा भारत लाया जाएगा. अन्य छात्रों को भी जल्द इसी तरह से भारत भेजा जाएगा.
यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में और कीव स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम के अलावा मंत्रालय की टीमें पश्चिमी यूक्रेन और पड़ोसी सीमा क्षेत्रों में मौजूदगी बढ़ाई गई हे. यूक्रेन में भारतीय दूतावास से सूचना मिली है कि भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए उन्हें पड़ोसी देशों में पहुंचा रहे हैं. आंतरिक इलाकों से आने वाले भारतीयों को दूसरे स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं.
कल आएगा विशेष विमान
इधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फंसे भारतीय नागरिकों का एक समूह 26 फरवरी को एक विशेष उड़ान के जरिए नई दिल्ली पहुंचेगा. यहां विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन इनकी अगवानी करेंगे.
वायुसेना भी तैयार
इधर भारतीय वायुसेना भी यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए तैयार है. वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर आशीष मोघे ने कहा कि वायु सेना यूक्रेन से हमारे नागरिकों को निकालने के लिए हर आवश्यकता के लिए तैयार है.