आगरालीक्स …आगरा में हाई प्रोफाइल परिवार के बच्चे घर से चोरी कर हुक्का और बीयर पी रहे हैं। एक गैंग उनसे यह करा रहा है, 32 तोला सोना चोरी होने के मामले में बच्चों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सरगना को भी पकड लिया है।
आगरा के भावना एस्टेट क्षेत्र निवासी पूर्व नौसेना अधिकारी नीरज कुमार और उनकी पत्नी संगीता ने परिचित के बेटे को गोद ले रखा है। उनका बेटा नोएडा में रहता है, बेटी की शादी हो चुकी है। वह गोद लिए बच्चे को अपने पास रखकर कान्वेंट स्कूल में पढ़ा रहे हैं। नौ जून को पत्नी के साथ गोवा गए थे। गोद लिए किशोर को घर पर छोड़ गए ।
घर पर मिली बीयर की बोतल
अधिकारी अपनी पत्नी के साथ बिना बताए 13 जून को लौट आए। घर में बीयर की बोतलें, सिगरेट, रेस्टोरेंट से मंगाए खाने के डिब्बे बड़ी संख्या में घर में बिखरे मिल। अलमारी में रखे करीब 32 तोला सोने के जेवरात गायब थे। उन्होंने गोद लिए किशोर से पूछताछ कि तो उसने एक छात्र का नाम लिया।
इस तरह चल रहा था चोरी का खेल
नीरज कुमार द्वारा छात्र के अभिभावकों को इसकी जानकारी दी गयी। सिकंदरा थाने में दो छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपित छात्र से पूछताछ करने पर ब्लैकमेलिंग का खेल सामने आया। बताते हैं छात्र अपने से छोटे और हमउम्र बच्चों से दोस्ती करता था। उन्हें सिगरेट और बीयर पिलाकर धोखे से फोटो खींच लेता। परिजनों को दिखाने की कहकर बच्चों को ब्लैकमेल करता था। उनसे घरों में चोरी कराता था। जाल में फंसे अधिकांश छात्र अपने घरों से जेवरात तथा रुपये चोरी करते, इससे बाहर पार्टी की जाती। मामला थाने पहुंचने पर कई परिवार वहां पहुंच गए। उन्होने बताया कि उनके घर में भी जेवरात चोरी हो चुके हैं।
रुपये और जेवरात करते थे चोरी
ब्लैकमेलिंग के शिकार सभी छात्र नवीं और दसवीं कक्षा के बताए गए हैं। सभी की उम्र 12 से 15 साल के बीच है। वह जेवरात और रुपये ही चोरी करते थे। इससे परिजनों को लगता था कि वह रकम या ज्वैलरी कहीं रखकर भूल गए होंगे। ज्वैलरी को वे केके नगर निवासी एक एमआर को बेच देते थे।