आगरालीक्स.. आगरा की पॉश कॉलोनी में बनी जिम में बिजली कनेक्शन होते ही 440 वोल्ट का करंट दौडने लगा, काफी देर तक हंगामा चलने के बाद पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 12 अगस्त को आदर्श नगर चौराहे, कमला नगर में दयालबाग निवासी रोहित अग्रवाल जिम बनवाई है। रोहित का आरोप है कि टोरंट पावर में 15 किलोवाट के कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। मंगलवार को टोरंट पावर के दो कर्मचारी बिना सुपरवाइजर के कनेक्शन करने आए। जिम का 15 किलोवाट का कनेक्शन करने के बाद मीटर से लाइन चेक नहीं की।
करंट दौडने से बडा नुकसान
सीधे लाइन चालू करने से हाई वोल्टेज करेंट आ गया। इससे जिम की चार टेड मिल, 25 टन का एसी, काफी की मशीन, इनवर्टर समेत लाइटें और लाइन फुंक गई। कर्मचारियों को जिम संचालक ने पकड लिया, इसके बाद टोरंट पावर के सुपरवाइजर समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। जिम मालिक रोहित अग्रवाल का कहना था किउन्हें लाखों का नुकसान हुआ। मौके पर पुलिस को बुला लिया। करीब आधा घंटे तक विवाद होता रहा। टोरंट के स्टाफ द्वारा बुधवार को जिम में हुए नुकसान का असिस्मेंट करने का आश्वासन दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में रोहित अग्रवाल और टोरंट ने जिम पर अपना ताला डाला। इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।