आगरालीक्स आगरा में आयकर विभाग का रियल एस्टेट अहिंसा ग्रुप पर सर्वे जारी है। ग्रुप में निवेश करने वालों के साथ ही जमीन की खरीद बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
आगरा के कमला नगर के रहने वाले रोहित जैन के अहिंसा ग्रुप द्वारा कई प्रोजेक्ट लांच किए गए। रियल एस्टेट प्रोजेक्ट का दायर कई बीघा में फैला हुआ है, पिछले दिनों आयकर विभाग की टीम ने रजिस्ट्री कार्यालय में भी जांच की थी इसमें कई ऐसे सौदे सामने आए जिनकी रजिस्ट्री में दर्शाई गई राशि बाजार मूल्य से कम थी। इसके बाद आयकर विभाग की टीम ने रिकार्ड खंगालना शुरू किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दिनों अहिंसा ग्रुप के प्रमुख रोहित जैन को लंदन में सम्मानित भी किया गया था इसके बाद से आयकर विभाग की टीम रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई कि इतने कम समय में कोई ग्रुप इतनी ग्रोथ कैसे कर सकता है।
मंगलवार दोहपर में शुरू हुआ सर्वे
आयकर विभाग की टीमों ने मंगलवार दोपहर में अहिंसा ग्रुप के आगरा हाथरस रोड स्थित कार्यालय, एत्मादपुर की रियल एस्टेट साइट, कुंडौल स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पर पहुंची और दस्तावेज खंगालने में जुट गईं। आयकर विभाग की टीम जमीन की खरीद और बिक्री के रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।
निवेशकों का भी रिकॉर्ड किया जा रहा तैयार
आयकर विभाग की टीम अहिंसा ग्रुप में निवेश करने वालों का भी रिकॉर्ड तैयार कर रही है, जिस तरह से ग्रुप द्वारा कई बीघा में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं इससे आयकर विभाग की टीम का अनुमान है कि बड़े स्तर पर लोगों द्वारा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद ही आयकर विभाग द्वारा अधिकारिक जानकारी दी जाएगी।