आगरालीक्स ….आगरा में आयकर विभाग की सरसों के तेल की चार बड़ी कंपनियों के 40 ठिकानों पर 48 घंटे बाद जांच जारी है। बोगस फर्मों से खरीद बिक्री के साथ ही जमीन में निवेश सहित हर पहलू की जांच में आयकर विभाग के 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी जुटे हैं।
मंगलवार सुबह सात बजे आयकर विभाग, आगरा की जांच शाखा ने आस पास के जिलों से टीमें बुलाकर एक साथ आगरा की बड़ी सरसों के तेल की कंपनी बीपी आयल मिल, शारदा आयॅल, हरिशंकर एंड कंपनी और एसके इंडस्ट्रीज पर एक साथ कार्रवाई शुरू की।
48 घंटे बाद भी कार्रवाई जारी
आयकर विभाग के 300 अधिकारी और कर्मचारियों की चार तेल कंपनियों पर 48 घंटे बाद भी कार्रवाई जारी है। टीम हर पहलू पर जांच कर रही है, आयकर विभाग को इन कंपनियों में बोगस फर्म के माध्यम से खरीद करने के साथ ही जमीन में बड़े स्तर पर निवेश करने की शिकायत मिली थी।
जमीन में निवेश की भी जांच
आयकर विभाग की टीम इन चार कंपनियों से जुड़े मालिक और भागीदारों के निवेश की भी जांच कर रही है, आगरा के साथ ही नोएडा ग्रुरुग्राम में जमीन खरीदने में किए गए निवेश के मामलों की भी जांच की जा रही है। एक दूसरे के लिंक और इन कंपनियों से जुड़े अन्य कारोबारियों से खरीद बिक्री के दस्तावेजों की भी जांच चल रही है।