आगरालीक्स…(Agra News 10th November) आगरा में राजा की मंडी का कट बंद होने से इमरजेंसी तिराहे और सेंट जोंस कॉलेज के चौराहे पर जाम लगा रहता है। क्या राजा की मंडी चौराहे का कट खुलना चाहिए, आपकी क्या राय है।
आगरा के एम.जी. रोड पर राजामंडी चौराहा बंद किए जाने से इमरजेंसी तिराहे पर जाम बढ़ गया है। मरीजों, तीमारदारों के साथ एंबुलेंस चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एमजी रोड पर हरीपर्वत चौराहा को जाम से मुक्त करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा किए गए प्रयोगों के बाद राजामंडी चौराहा को बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से इमरजेंसी तिराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। राजामंडी बाजार जाने के लिए वाहन चालकों को इमरजेंसी तिराहे से मुड़ना पड़ता है, जिसकी वजह से इमरजेंसी के गेट तक वाहनों की कतार लग जाती है।
मरीज और तीमारदार परेशान इस दौरान गंभीर रूप से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी से मोतीकटरा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी एंबुलेंस और अन्य वाहन खड़े होने के साथ खोखे भी लगे हुए हैं, जो जाम का कारण बनते हैं।
सेंट चौराहे पर वाहनों का दोगुना दबाव
सेंटजोंस चौराहे पर बेरीकेडिंग कर हनुमान मंदिर के कट बंद कर दिया गया है। मंदिर के पीछे से राजश्री टाकीज अथवा चौराहे की ओर मुड़ना होता है। इस रास्ते पर वाहन खड़े रहते हैं। सेंटजोंस कालेज की दीवार से वाहन खड़े रहते हैं। इससे चौराहे से लोग नहीं निकल पाते हैं।

टेंपो-ईरिक्शा ने बढ़ाई मुसीबत
सेंटजोंस चौराहे पर लोहामंडी की ओर जाने के लिए पहले सिर्फ बेलनगंज की ओर आने वाले वाहनों का दबाव रहता था लेकिन राजामंडी चौराहा बंद होने से फुव्वारा की ओर जाने-आने वाले टेंपो-ईरिक्शा का दबाव बढ़ गया है। फुव्वारा से आने वाले टेंपो-ईरिक्शा तो मंदिर के सामने की एक लाइन को पूरी तरह से घेरे रहते हैं और यहीं से अपने वाहन को मोड़कर फुव्वारे की ओर जाते हैं।
लोडर वाहनों का भी जमावड़ा
लोडर वाहन भी लोहामंडी जाने के लिए एमजी रोड पार करने के लिए सेंटजोंस होकर ही जाते हैं। साथ ही लोहामंडी की ओर से नूरी दरवाजा की ओर जाने वाले वाहनों को सेंटजोंस चौराहे से होकर पर जाना पड़ता है।
राजामंडी चौराहा खुले तो मिले राहत
राजामंड़ी, नूरी दरवाजा और सेंटजोंस चाराहे के दुकानदारों का कहना है कि राजामंडी चौराहा खोले जाने से दुकानदारों के साथ राहगीर और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। सेंटजोंस चौराहे के दुकानदारों की दुकानदारी तो अब चौराहे के आसपास जाम लगा रहने से प्रभावित हो रही है। ग्राहक जाम की वजह से इस ओर नहीं आते हैं।