आगरालीक्स….आगरा में इस तारीख से शुरू होगी ऐतिहासिक रामलीला. रामबारात और जनकपुरी महोत्सव की तारीखें भी जानें. जनकपुरी कहां सजेगी—सोमवार को फैसला….
आगरा में होने वाली उत्तर भारत की सबसे प्रसिद्ध रामलीला और जनकपुरी महोत्सव की तारीखें जारी कर दी गई हैं. इस बार रामलीला 28 सितंबर से शुरू होगी. अधिक मास होने के कारण इस बार सावन माह दो महीने का है जिसके कारण सारे त्योहार 15 से 20 दिन की देरी से इस बार पड़ रहे हैं. ऐसे में इस बार आगरा की रामलीला 28 सितंबर को शुरू होगी.

रामबारात और जनकपुरी महोत्सव
इस साल आगरा की ऐतिहासिक रामबारात 9 अक्टूबर को निकाली जाएगी जबकि 10, 11 और 12 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा.
चार स्थानों की दावेदारी
आगरा में इस बार जनकपुरी का आयोजन किस स्थान पर होगा, इसके लिए चार स्थानों की सबसे अधिक दावेदारी की गई है, इसमें नेहरू नगर, विजय नगर, कमला नगर और संजय प्लेस शामिल हैं. कमेटी की ओर से जनकपुरी आयोजन स्थल का चयन सोमवार 7 अगस्त को किया जा सकता है.
संजय प्लेस में सज सकती है जनकपुरी
सूत्रों के अनुसार आगरा में इस बाद ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव का आयोजन संजय प्लेस क्षेत्र को मिल सकता है. इसका नाम लगभग फाइनल हो गया है. अगर ऐसा होता है तो संजय प्लेस में 29 साल बाद जनकपुरी आयोजन होगा. इससे पहले 1994 में संजय प्लेस क्षेत्र में जनकपुरी महोत्सव का आयोजन हुआ था. कमला नगर, बल्केश्वर के नाम भी दावेदारी में टॉप पर हैं लेकिन यहां कई बार जनकपुरी महोत्सव का आयोजन हो चुका है, ऐसे में इस बार संजय प्लेस को भगवान राम की अगवानी का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है.