आगरालीक्स…जनकपुरी में इस बार नजदीक से होंगे सीता—राम के दर्शन. सामने नहीं बैठेंगे वीआईपी. 42 द्वार बनेंगे. पार्किंग की जगह निर्धारित, जानें क्या—क्या होगा इस बार खास
संजय प्लेस में इस बार जनकपुरी महोत्सव का आयोजन हो रहा है. दस दिन बाद भव्य जनकपुरी सजेगी. इसके लिए पुलिस चौकी के पास स्थित पार्किंग में भव्य जनकमहल का निर्माण किया जा रहा है और इसी के साथ ही हर रास्ते पर भव्य गेट बनाए जा रहे हैं. सबसे खास बात ये होगी कि इस बार जनकमहल में वीआईपी की सिटिंग सामने नहीं होगी. आम लोग करीब से भगवान श्रीराम और माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे. वीआईपी के बैठने की व्यवस्था किनारे होगी. आयोजन समिति का कहना है कि कोशिश होगी कि इस बार भव्य जनकपुरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा.
42 स्वागत द्वार बनेंगे
जनकपुरी महोत्सव में इस बार 42 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे. इस बार जनकपुरी में दो मुख्य द्वार जो कि 48 फीट के होंगे, इसके अलावा 4 सिंह द्वार और 32 स्वागत द्वार तथा राजपथ पर 4 लवकुश द्वार सजाए जाएंगे. चार सिंह द्वार भी श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के नाम पर होंगे. इन पर आकर्षक लाइट सज्जा होगी.
शीश महल भी बनेगा
जनकपुरी में इस बार शीश महल बनाया जाएगा जिसमें बांके बिहारी विराजमान होंगे और भक्तों को दर्शन देंगे. इसके अलावा 32 झरोखे वाले मंदिर बनाए जाएंगे जिससे प्रत्येक भगवान की मूर्ति होगी.
यहां होगी पार्किंग
जनकपुरी महोत्सव के लिए पालीवाल पार्क रोड, सेंट पीटर्स कॉलेज, नगर निगम परिसर, क्वीन विक्टोरिया और सेंट जॉन्स कॉलेज परिसर के अंदर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.