
सोमवार को सोने, हीरे सहित आभूषणों पर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारियों ने केंद्रीय मंत्री डाॅ रामशंकर कठेरिया के आवास, खंदारी परिसर का घेराव किया। उन्होंने जेटली हटाओ देश बचाओ के नारे लगे।
केंद्रीय मंत्री डाॅ रामशंकर कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली तक उनकी बात पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आपके वोटों से मेरी जीत हुई है। आपकी हर लड़ाई में आपके साथ हूं, लेकिन मेरी भी कुछ मार्यादाएं हैं, उन मर्यादा के दायरे में रहकर ही काम करूंगा। सराफा कारोबारियों का अहित नहीं होने दूंगा। 30 मार्च को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने का समय मिल गया है, उन्होंने आश्वासन दिया कि राजनाथ सिंह से भी मिलने का समय मांगा जा रहा है।
दूसरी बार सराफा कारोबारियों द्वारा केंद्रीय मंत्री के आवास का घेराव किया गया। जो बात पहली बार के घेराव में कही थी, उसी बयान से आज फिर डाॅ रामशंकर कठेरिया ने सराफा कारोबारियों को संतुष्ट करने का प्रयास किया। सराफा कारोबारियों ने खुले शब्दों में कहा कि वह केंद्रीय मंत्री के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं।
कारोबारियों में हुए दो गुट
27 दिन के प्रदर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री के यहां हुए प्रदर्शन में सराफा कारोबारियों के बीच गुटबाजी हो गई है। एक पक्ष जहां मांगें न माने जाने तक कठेरिया के आवास पर ही धरना देने की बात कह रहा था, तो दूसरे पक्ष ने इंकार कर दिया। निर्णय यही लिया गया, कि केठेरिया के आवास पर धरना नहीं दिया जायेगा।
Leave a comment