
सैंड आर्टिस्ट ने सुदर्शन पटनायक ने अनूठे अंदाज में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देने के लिए पुरी बीच उडीसा में बालू से पूर्व राष्ट्रपति की मूर्ति बनाई, इसे देखने के लिए लोगों की भीड उमडी पडी।
99 वर्षीय भाई के कहने पर अंतिम संस्कार 30 को
पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को आखिरी अलविदा पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह नगर रामेश्वरम में गुरुवार दिनांक 30 जुलाई को सुबह 11 बजे दी जाएगी। उनके 99 वर्षीय बड़े भाई मुत्थू मोहम्मद मीरन मराक्कैर की अपील पर रामेश्वरम में बुधवार को होने वाले अंतिम संस्कार को एक दिन और आगे बढ़ा दिया गया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कार ने आज इस बारे में ब्योरा देते हुए बताया कि पूर्व राष्ट्रपति कलाम की पार्थिव देह को तमिलनाडु स्थित उनके गृह नगर रामेश्वरम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी निवास दस राजाजी मार्ग में बुधवार की सुबह सात बजे तक आम जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी। इसके तुरंत बाद उनकी पार्थिव देह को यहां से पालम एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। उसके बाद सुबह 7.45 बजे एक विशेष विमान से उनकी पार्थिव देह मदुरै ले जायी जाएगी। इसके बाद यहां से उनको वायुसेना के हेलीकॉप्टर रामेश्वरम ले जाएगा।
Leave a comment