आगरालीक्स.. आगरा में लॉक डाउन में शराब की दुकानें खुल गई हैं, सीसीटीवी अनिवार्य है, पुलिस भी तैनात की गई है। नगर निगम क्षेत्र और हॉट स्पॉट क्षेत्रों में शराब की दुकान खोलने पर पाबंदी है।
प्रदेश भर में शराब की दुकानें खोली गई हैं, आगरा रेड जोन में है, ऐसे में मंगलवार को आगरा नगर निगम के 100 वार्ड और देहात क्षेत्र के हॉट स्पॉट क्षेत्रों को छोडकर अन्य जगहों पर शराब की दुकान खोलने की अनुमति दे दी गई। मगर, मंगलवार को कुछ ही दुकानें खुल सकीं, बुधवार को अधिकांश क्षेत्रों में शराब की दुकानें खुल गई हैं। मुंह पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के आदेश दिए गए हैं। पुलिस भी तैनात की गई है।
653 हुए कोरोना संक्रमित
बुधवार सुबह कोरोना के 13 नए केस आए हैं, इससे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढकर 653 पहुंच गई है।
दवा का थोक कारोबारी पॉजिटिव
आगरा के फव्वारा पर थोक दवा का बाजार है। यहां बोहरे राम गोपाल मार्केट के थोक दवा कारोबारी की दुकान पर काम करने वाले सिकंदरा क्षेत्र के कर्मचारी में कोरोना की पुष्टि हुई थी, इसके बाद थोक दवा कारोबारी, उनकी दुकान पर काम करने वाले और उनके परिजनों की जांच की गई। इसमें थोक दवा कारोबारी के बेटे, पुत्रवधू, कर्मचारी सहित छह में कोरोना की पुष्टि हुई थी, उनकी दुकान के सामने रहने वाले एक और थोक दवा कारोबारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई, इसके बाद कर्मयोगी कमला नगर में रहने वाले थोक दवा कारोबारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। अब बोहरे राम गोपाल मार्केट के शमसाबाद रोड निवासी 42 साल के थोक दवा कारोबारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह करीब 12 दिन से अपनी दुकान पर नहीं आ रहे थे, घर पर ही थे, सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
थोक दवा बाजार नहीं खुला, मेडिकल स्टोर खुले
एक के बाद एक थोक दवा कारोबारियों के पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को थोक दवा की दुकानें नहीं खुली हैं, 11 बजे से थोक दवा की दुकान खुल जाती हैं लेकिन दवा कारोबारी दुकान नहीं खोल रहे हैं। मगर, मेडिकल स्टोर खुले हुए हैं।