आगरालीक्स…आगरा में भगवान टॉकीज के पास स्थित अस्पताल से 25 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हॉस्पिटल संचालक डॉ अरिंजय जैन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉ अरिजंय जैन पर महामारी अधिनियम की धारा 188, 269,270, 271 में दर्ज किया गया है।
आगरा में भगवान टॉकीज के पास स्थित अस्पताल से एक के बाद एक 25 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके साथ ही यहां इलाज कराने वाले फीरोजाबाद, मैनपुरी सहित कई जिलों के मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। यहां मरीजों की संख्या लगातार बढती जा रही है। हॉस्पिटल में इलाज करा रहीं कैंसर मरीज और ब्रेन हेमरेज से पीडित मरीज की भी मौत हो गई थी, इन दोनों में ही कोरोना की पुष्टि हुई थी।
सही जानकारी ना देने पर धारा 269, 270 में मुकदमा
हॉस्पिटल संचालक डॉ अरिंजय जैन और मैनेजर पर सही जानकारी उपलब्ध ना कराने और कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढने पर आईपीसी की धारा 188 में 269, 270, 271 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईसीयू में भर्ती महिला मरीज में कोरोना संक्रमित होने पर फूटा कोरोना बम
भगवान टॉकीज के पास स्थित हॉस्पिटल में 25 मार्च से दो अप्रैल तक मंटोला निवासी 53 साल की महिला मरीज भर्ती हुई थी, उसे मधुमेह, टीबी के साथ अन्य समस्था थी, मरीज पहले भी हॉस्पिटल में इलाज करा चुकी थी। तबीयत बिगडने पर दो अप्रैल को मथुरा के हाईवे स्थित अस्पताल रेफर कर दिया, वहां कोरोना की जांच कराई गई। इसमें कोरोना की पुष्टि हुई थी। कोरोना की पुष्टि होने के बाद सात अप्रैल को हॉस्पिटल बंद करा दिया गया, यहां से 49 सैंपल लिए गए। नौ अप्रैल को हॉस्पिटल के मैनेजर, आईसीयू की महिला कर्मचारी सहित आठ में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला कर्मचारी के परिवार के आठ लोग भी कोरोना की चपेट में आ गए। हॉस्पिटल में भर्ती मरीज, इलाज करा चुके मरीजों के साथ उनके संपर्क में आने वाले कोरोना संक्रमित पाए गए, इस तरह प्रशासन ने ईपी सेंटर भगवान टॉकीज के पास स्थित अस्पताल के संपर्क में आने से अभी तक 25 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है।