आगरालीक्स.. सतर्क रहें, आगरा में कारोबारी के घर में अलमारी की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर कई महीने से नौकरानी करती रही चोरी, सीसीटीवी चेक करने पर उड़े होश, पकड़ी गई नौकरानी की करतूत। ( Maid stealing cash by duplicate key from bedroom of businessman in Agra, FIR lodge )
आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र की इंद्रपुरी कॉलोनी में सॉफ्टवेयर कंपनी के डीलर चेतन चौहान रहते हैं। उनके घर पर नगला बूढ़ी की रहने वाली लक्ष्मी घर का काम करने आती थी। नौकरानी लक्ष्मी ने अपने साथ धेवती अंजलि को भी काम पर लगा लिया। पिछले कुछ समय से चेतन चौहान के घर से कैश गायब हो रहा था, लेकिन पता नहीं चल रहा था कि कैश गायब हो कैसे रहा है। 18 जून को वे बच्चों के साथ बाहर घूमने गए।
अलमारी से 1.65 लाख का कैश चोरी
18 जून को चेतन चौहान अपने परिवार के साथ बाहर घूमने गए। घर की चाबी नौकरानी लक्ष्मी और गार्ड प्रेम शंकर को दे गए, वापस लौटने पर अलमारी में रखा 1.65 लाख रुपये का कैश चोरी हो गया। उन्होंने पूछताछ की लेकिन कोई पता नहीं चला। उन्हें नौकरानी लक्ष्मी और अंजलि पर शक हुआ। इसके बाद कारोबारी ने अपने घर में सीसीटीवी लगवा दिया।
सीसीटीवी में अलमारी खोलती दिखाई दी नौकरानी
15 जुलाई को कारोबारी चेतन चौहान अपने परिवार के साथ शादी में अलीगढ़ गए। सभी चाबी अपने साथ ले गए थे। अलीगढ़ से ही उन्होंने अपने कैमरे से सीसीटीवी चेक किया तो उसमें अंजलि बेडरूम में जाती हुई दिखाई दी। उसने डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोली, पांच मिनट बाद बाहर निकल आई। सीसीटीवी में नौकरानी लक्ष्मी एक बाहरी व्यक्ति के साथ बाहर निकलती हुई दिखाई दी। थाना प्रभारी न्यू आगरा का मीडिया से कहना है कि कारोबारी चेतन चौहान की तहरीर पर नौकरानी लक्ष्मी, अंजलि, गार्ड प्रेम शंकर सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।