नईदिल्लीलीक्स(11th August 2021)… हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बड़ा हादसा। भूस्खलन से यात्रियों से भरी बस और दो कारें दबीं, सेना बुलाई।
आज सुबह हुआ हादसा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जनपद में बुधवार को भूस्खलन से बड़ी दुर्घटना हो गई। भूस्खलन से यात्रियों से भरी एक बस और दो कारें मलबे में दब गई हैं। 40 से ज्यादा लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मदद के लिए सेना को बुला लिया गया है।
40 से ज्यादा यात्री सवार
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, मलबे में दबी बस हिमाचल रोडवेज की है। जिसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार हैं। यह बस किन्नौर से शिमला जा रही थी। पहाड़ों से अभी भी चट्टानों के गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य मे दिक्कत आ रही है। भारतीय सेना और एनडीआरएफ के जवान राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
मलबे में दबी बस के चालक और परिचालक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इन दोनों से फोन के जरिये संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि राहत और बचाव कार्य जारी है।