आगरालीक्स.. आगरा के मंटोला मारपीट और फायरिंग मामले में 50 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है, आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।
रविवार रात को मंटोला के टीला नंदराम निवासी प्रमोद पुत्र जैनी प्रसाद आरओ प्लांट से बाल्टी में पानी लेकर आ रहा था। मुंडापाड़ा के पास रास्ते में सलमान और शाहरुख अलाव ताप रहे थे। प्रमोद का आरोप है कि इन दोनों में से एक युवक ने पैर अड़ाकर उसे गिरा दिया। विरोध करने पर दोनों युवकों ने उसे पीट दिया। इस पर प्रमोद पक्ष के लोग मंटोला थाने पहुंचे। दूसरे पक्ष के लोगों ने जैनी प्रसाद, ताराचंद और प्रेमचंद के मकानों पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी पथराव होता रहा। कांच की बोतलें फेंकीं गईं। रुक-रुक कर करीब आधा दर्जन राउंड फायर भी हुए। आधा घंटे तक चले बवाल से मुहल्ले में भगदड़ मच गई। पथराव में धीरज, अरुण प्रसाद, प्रमोद और चंद्रा देवी घायल हो गए। प्रमोद पुलिस के सामने नहीं आया। अन्य तीनों घायलों को पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया।
पीएसी तैनात, मुकदमा दर्ज
इस मामले में पीएसी तैनात की गई है, तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।