मथुरालीक्स…मथुरा में डबल एनकाउंटर. बावरिया गिरोह के दो बदमाश पुलिस ने किए ढेर. कारोबारी के घर की थी 30 लाख की डकैती.
आगरा मंडल के मथुरा जिले में गुरुवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में दो बदमाशों को ढेर कर दिया. दोनों बदमाश बावरिया गिरोह के सदस्य थे और इन्होंने अप्रैल् माह में कारोबारी के घर 30 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया था. दोनों राजस्थान के रहने वाले थे. मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दोनों घायल हो गए. इनको अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मारे गए बदमाश की पहचान भरतपुर के रहने धर्मवीर और अलवर के रहने वाले राजेंद्र के रूप में की गई है.23 अप्रैल को डाला था डाका
मथुरा के टैंटी गांव में कारोबारी अजय अग्रवाल रहते हैं. 23 अप्रैल की रात को बदमाश इनके घर में घुस गए. उन्होंने घर में मौजूद लोगों को हथियारों से डरा धमकाकर करीब 30 लाख रुपये की कैश और ज्वैलरी लूट ले गए थे. पुलिस इन बदमाशों की तलाश में थी.
पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना मिलने के बाद दोनेां बदमाशों को घेर लिया. पुलिस की घेराबंदी पर दोनों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए और बाद में अस्पताल में दोनों की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार दोनेां का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. इस कार्रवाई में दो सिपाही भी घायल हुए हैं जिनका उपचार चल रहा है. धरमवीर के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के कई थानों में 163 मुकदमे दर्ज थे.