मथुरालीक्स…मथुरा नगर निगम में बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव पास. एक स्वर में लगाए बांकेबिहारी जी के जयकारे. क्षेत्र के पार्षद ने जताया विरोध. नोकझोंक भी हुई
मथुरा में नगर निगम की बैठक में सोमवार को प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर निर्माण को मौखिक रूप से प्रस्ताव पास हो गया है. इसके बाद पार्षदों ने श्री बांकेबिहारी जी के जयकारे लगाए. अधिकतर पार्षदों ने इस योजना का समर्थन कियाज बकि श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र के पार्षद घनश्याम चौधरी ने इसका पुरजोर विरोध किया. इनका अन्य पार्षदों के साथ नोकझोंक हुई और हंगामा होने लगा. इस पर मेयर ने पार्षदों को शांत कराया.बैठक मसानी तिराहे के निकट एक निजी होटल में हुई. यहां पर मेयर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित सभी वार्डों के पार्षद मौजूद रहे. इस दौरान मेयर ने कहा कि श्रीबांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, इसलिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर निर्माण का प्रस्ताव रखा है. उन्होंने कहा कि मथुरा—वृंदावन के लोगों को महीनों गुजर जाते हैं लेकिन आराध्य के सुगमता से दर्शन नहीं हो पाते. इसका मुख्य कारण मंदिर में भीड़ का दबाव है.
उन्होंने कहा कि श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर निर्माण समय की आवश्यकता है. महापौर की इस बात पर सभी पार्ष्दों ने एक स्वर में श्रीबांकेबिहारी के जयकारे लगाए. हालांकि श्रीबांकेबिहारी क्षेत्र के पार्षद घनश्याम चौधरी ने इसका विरोध जताया. उनका कहना है कि कॉरिडोर निर्माण से वृंदावन की कुंज गलियां समेत पुरातन संस्कृति नष्ट हो जाएगी. सैकड़ों लोग प्रभावित होंगे. इस पर अन्य पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया और घनश्याम को चारों तरफ से घेर लिया. इस पर मेयर ने पार्षदों को शांत कराया.