आगरालीक्स.. आगरा में सतरंगी रोशनी की बीच रैंप पर मॉडल्स ने कैटवॉक किया, यहां होटल द रीट्रीट में रविवार को मिस्टर एंड मिस फैशन वीक का ग्रांड फिनाले हुआ। डिजाइनरों ने स्टार लाइफ प्रोडक्शंस से मिले मौके को भुनाने में कसर नहीं छोड़ी। एक से बढ़कर एक डिजाइन पेश किए। इनमें भारतीय पारंपरिक परिधानों में फेस्टिव और वेडिंग संग्रह को खूब सराहना मिली। साथ ही खास अवसर के लिए तैयार हुए इंडो वेस्टर्न संग्रह ने भी भरपूर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में आठ राउंड हुए। इनमें अलग-अलग मॉडल्स ने रैंप पर कैटवॉक कर डिजाइनरों द्वारा डिजाइन किए गए परिधानों को प्रदर्शित किया। डिजाइनरों में लखनऊ की सफीना खान और विकास जायसवाल, सूरत की नीपा देसाई, मुंबई से साई और नेहा की जोड़ी, गोरखपुर से मुकेश दुबे, दिल्ली से विपिन अग्रवाल और नागपुर की सना खान के डिजाइनर संग्रह पर मॉडल्स ने तालियां बटोरी। इस मौके डिजाइनरों ने स्टारलाइफ प्रोडक्शंस के प्रति आभार जताया। शो का निर्देशन खिजर हुसैन ने किया। सुशील गोयल ने बताया कि ऐसे शो देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किए जाते हैं। इनके माध्यम से नवोदित डिजाइनरों और मॉडलों को प्रमोट किया जाता है। शो का समन्वय हेमंत ने किया।
