आगरालीक्स… आगरा में बंदरों का आतंक है, ताजमहल में बंदरों ने टूरिस्ट को घेर लिया और एक टूरिस्ट के पीछे के हिस्से में बंदर काट गया। इससे खलबली मच गई। टूरिस्ट स्पेन का बताया जा रहा है।
ताजमहल, आगरा किला और सिकंदरा में बंदरों का आतंक है। बुधवार को ताजमहल में स्पेन का पर्यटक दल ताजमहल देखने के लिए आया था, इसी बीच बंदरों ने घेर लिया, एक पर्यटक को बंदर काट गया। बंदरों ने कई और पर्यटकों पर झपटटा मारा लेकिन वे बाल बाल बच गए।
बंदरों के आतंक से एक मौत
30 अगस्त को आगरा में युवक से बंदर ने मोबाइल छीन लिया, इसके बाद बंदरों ने युवक को घेर लिया, वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया और मौत हो गई। हादसे के बाद से लोगों में दहशत है।
आगरा के रावली मंदिर के पास मोरवाली गली में बुधवार सुबह 50 वर्षीय मुकेश शर्मा तीसरी मंजिल पर अपनी छत पर खडे थे। वे मोबाइल पर बात कर रहे थे, इसी बीच बंदर आ गए और उनका मोबाइल छीन लिया। वे अपने मोबाइल को वापस लेने के लिए बंदरों के पीछे भागे, इसे देख बंदर हमलावर हो गए। बंदरों के झुंड ने मुकेश शर्मा पर हमला बोल दिया, वे बंदरों से बचने के लिए भागने लगे तो और बंदर आ गए।
तीसरी मंजिल से नीचे गिरे
बंदरों के हमले के दौरान मुकेश शर्मा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए, इससे खलबली मच गई। खून से लथपथ मुकेश शर्मा को परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां कुछ ही देर में मुकेश शर्मा की मौत हो गई।
बंदरों के आतंक से लोगों में आक्रोश
मुकेश शर्मा की मौत से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों का आतंक बढता जा रहा है। वे छत पर नहीं जा सकते हैं, पहले बंदर डर कर भाग जाते थे अब हमलावर हो रहे हैं। इससे आए दिन हादसे होने लगे हैं।
कुत्तों के साथ बंदरों का आतंक
शहर में कुत्तों के साथ बंदरों का भी आतंक है, वे लोगों को काट रहे हैं। इसके चलते जिला अस्पताल में कुत्तों से ज्यादा बंदर काटने पर लोग एंटी रैबीज लगवाने के लिए जा रहे हैं। बंदरों को पकड कर उनकी नसबंदी कराने के लिए अभियान शुरू हुआ था लेकिन यह भी नहीं चल सका।