आगरालीक्स… आगरा में मेयर नवीन जैन ने शपथ लेने के बाद कहा कि मैं भी न खाऊंगा न किसी को खाने दूंगा, भाजपा के विधायकों ने समारोह का बहिष्कार कर दिया।
मंगलवार को आगरा के आगरा कॉलेज ग्राउंड में भाजपा से मेयर की सीट पर जीत दर्ज करने वाले नवीन जैन सहित 100 पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मंडलायुक्त के राम मोहन ने मेयर नवीन जैन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मेयर की शपथ लेने के बाद नवीन जैन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एक सेवक की तरह काम करने की बात कही थी, मैं भी वही करूंगा, पीएम नरेंद्र मोदी की तरह मैं भी न खाऊंगा न किसी को खाने दूंगा।
मेयर ने पार्षदों की दिलवाई शपथ
शपथ लेने के बाद मेयर नवीन जैन ने पार्षदों को शपथ दिलाई, इसमें सबसे ज्यादा 53 पार्षद भाजपा के हैं, बसपा के 27 और 13 निर्दलीय पार्षद हैं। इन सभी ने शपथ ली, बसपा पार्षद नीले रंग का पटटा पहनकर पहुंचे तो भाजपा के पार्षद भाजपा का पटटा पहने हुए थे।
डिप्टी सीएम बोले मिलकर करें काम
डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि निगम के सभी पार्षद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर कि विकास के लिए कार्य करें। आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए पूरी लगन से कार्य करें। राज्य और केंद्र की सरकार में पूरा सहयोग करेगी।
मंच पर जगह न मिली तो चले गए भाजपा विधायक
आगरा कॉलेज ग्राउंड पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंच तैयार किया गया था। मंच पर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा, एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया, कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन, मंडलायुक्त के राम मोहन, डीएम गौरव दयाल के बैठने के लिए सीट लगाई गई थी। मंच पर डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा के साथ विधायक और महानगर अध्यक्ष भी पहुंच गए। उनसे मंच से जाने के लिए कह दिया गया, इनके लिए अलग से कमल के आकार में मंच बनाया गया था। नाराज होकर भाजपा के विधायक और महानगर अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल से चले गए। इससे पहले एयरपोर्ट पर भाजपा विधायक डॉ जीएस धर्मेश को डिप्टी सीएम के स्वागत के लिए प्रवेश नहीं करने दिया गया।