आगरालीक्स….. आगरा में शोरूम, मॉल के सामने गाडी, बाइक खडी करने पर टैक्स वसूला जाएगा। नगर निगम ने ट्रैफिक कन्जेशन चार्जेज व लेवी लेने का निर्णय लिया है। यह शुल्क नर्सिंग होम, बडे शोरूम, गैराज, गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर, मॉल, सिनेमा, हॉल, बैंक, स्कूल, रेस्टोरेंट, बार, होटल, ट्रांसपोर्ट कंपनी से पार्किंग टैक्स वसूला जाएगा।
सोमवार को आगरा नगर निगम की बैठक में ट्रैफिक कन्जेशन चार्जेज व लेवी टैक्स लगाने का प्रस्ताव पास किया गया।
फिर रोड पर कब्जा किया तो निगम लेगा शुल्क
सदन में लेवी नियमावली 2019 को मंजूरी दी गई। नियमावली के तहत एमजी रोड, यमुना किनारा रोड सहित अन्य रोड पर अगर कोई भी दुकानदार फुटपाथ या रोड पर पार्किंग करवाता है तो उससे प्रतिमाह शुल्क वसूला जाएगा। पार्किंग बंद होने पर शुल्क वसूलना भी रोक दिया जाएगा।
कूडा कलेक्शन पर उठे सवाल
पार्षद रवि माथुर ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में हुए खेल के सुबूत रखे। मामले की जांच अपर नगरायुक्त विनोद कुमार कर रहे हैं। पार्षद का आरोप था कि चार कंपनियों ने खेल किया है। पुराने शहर में ब्लॉक दिखाए गए हैं। भवन स्वामियों के नाम, पता और मोबाइल नंबर गलत दिए हैं। इसके बाद पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। मेयर ने किसी तरीके से पार्षदों को शांत कराया।
मेयर ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में अभी तक 75 वार्डो की जांच हुई है, जबकि 25 वार्डो की जांच चल रही है। जो भी सुबूत हैं जांच कमेटी को उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सफाई व्यवस्था के लिए विशेष सदन बुलाया जाएगा। सदन की कार्यवाही के दौरान पर्यावरण अभियंता राजीव राठी मोबाइल पर बात कर रहे थे, मेयर ने इसपर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सदन में मोबाइल को बंद करके रखें। पार्षद रवि शर्मा ने मीनाक्षीपुरम में नाला निर्माण की मांग रखी।