नईदिल्ली… केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली पुलिस मुख्यालय में पुलिस अफसरों से मंत्रणा कर रहे हैं। बेटा नहीं होने पर पत्नी को दिया तीन तलाक। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
किसान आंदोलन पर शाह की पुलिस से मंत्रणा
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड और दो माह से दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के धऱना-प्रदर्शन से पैदा हुई कानून व्यवस्था के हालात पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली पुलिस मुख्यालय में पुलिस अफसरों से चर्चा करने के लिए पहुंच गए हैं। पता चला है कि गृहमंत्री शाम पांच बजे तक दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
चीनी घुसपैठ के लिए कांग्रेस दोषी
अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा गांव बसा लेने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद तापिर गाओ ने इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि चीन काफी समय से यहां निर्माण कार्य कर रहा है।
बेटा न हुआ तो दिया तीन तलाक
तीन तलाक को लेकर बेशक सरकार कानून बना चुकी है। लेकिन आज भी महिलाओं को तीन तलाक की यातना से जूझना पड़ रहा है। नया मामला दिल्ली का है, जहां एक महिला को बेटा नहीं होने पर पहले उसे मारापीटा, मुंह पर थूका गया। बाद में तीन बार तलाक-तलाक बोल कर तलाक दे दिया गया। पीड़िता हुमा हाशिम ने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस दंपति की दो 18-20 वर्ष की बेटियां भी हैं।
हिंसा कभी जायज नहीं हो सकती
अमेरिका के नये राष्ट्रपति जो बाइडन कल (बुधवार) को शपथ ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही निर्वतमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस से औपचारिक विदाई हो जाएगी। ट्रम्प चुनाव परिणामों को लेकर लगातार आरोप लगाते रहे हैं। उनके समर्थकों ने अमेरिकी संसद पर भी हमला कर दिया और हिंसा फैलाई। ट्रंप की पत्नी मेलेनिया ट्रम्प ने अपने विदाई संदेश में इसका उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा कभी भी जायज नहीं ठहराई जा सकती।