आगरालीक्स… खेरागढ़ के तहसीलदार की गाड़ी देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक होमगार्ड की मौत हो गई। तहसीलदार जख्मी हो गए। साथ में देश-दुनिया की अब तक की खबरें।
राजनाथ को किसान आंदोलन वापसी की उम्मीद

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज किसान दिवस के मौके पर भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों का अहित नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत कर रही है और जल्द ही अन्नदाता अपना आंदोलन वापस ले लेंगे। राजनाथ सिंह ने चौ. चरण सिंह की किसानों के हित लिए किए गए संघर्ष को भी याद किया गया और कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए काम कर रही है।
कोर्ट के सामने नहीं टिकेगा धर्मान्तरण कानून
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मदन बी लोकुर ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लव जेहाद पर लाया गया धर्मान्तरण रोधी कानून कोर्ट के सामने नहीं टिक सकेगा क्योंकि इसमें कानूनी और संवैधानिक दृष्टिकोण से कमिया हैं। लोकुर ने यह भी कहा कि सामाजिक न्याय का विचार ठंडे बस्ते में चला गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मुद्दे पर वैसी सक्रियता नहीं दिखाई, जैसी दिखानी चाहिए थी।
69 पूर्व नौकरशाहों ने सेंट्रल विस्टा पर उठाए सवाल
देश के 69 पूर्व नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री को नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सेन्ट्रल विस्टा पुनर्विकास योजना पर सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया है कि इस परियोजना की शुरुआत से ही गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया गया है। कांन्स्टीट्यूशन कंडक्ट ग्रुप से जुड़े नौकरशाहों ने कहा कि परियोजना ऐसे समय में लाई गई है, जब देश में जन स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी प्राथमिकताओँ की जगह बेकार और अनावश्यक को प्राथमिकता दी जा रही है। पत्र लिखने वाले नौकरशाहों पूर्व आईएएस जवाहर सरकार, नाविद उस्सानी, एनसी सक्सेना, हर्ष मंदर और राहुल राय तथा पूर्व आईपीएस में एएस दुलल, अमिताभ माथुर और जूलियो रिबोरो शामिल है।
23,950 नए संक्रमित, 333 मौतें
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमित 23,950 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इसी अवधि में 333 मरीजों की मौत हो गई है। देश में इस महामारी से 1,46, 444 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1,00,99,066 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 96,63,382 लोग इस वायरस को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। देश में अब कुल 2,89,240 एक्टिव केस बचे हैं। रिकवरी रेट 95.68 फीसदी हो चुका है।
जर्मनी भी पहुंचा नया कोरोना वायरस
दुनिया में कोरोना का कहर खत्म नहीं हो रहा है। अब तक 7.83 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। जर्मनी में नए कोरोना वायरस स्ट्रेन के मरीजों की संभावना बढ़ गई है। राबर्ट कोच इन्स्टीट्यूट ने चौंकाने वाला बयान दिया है कि जर्मनी में महामारी और बढ़ने की संभावना बढ़ रही है। इस पर नियंत्रण और रोकथाम का काम तेज कर दिया गया।
हादसे में होमगार्ड की मौत, तहसीलदार घायल
आगरालीक्स… खेरागढ़ के सैंया रोड पर देर रात खेरागढ़ के तहसीदार सर्वेश कुमार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तहसीलदार, होमगार्ड और चालक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां होमगार्ड को मृत घोषित कर दिया गया। तहसीलदार और चालक का इलाज चल रहा है।