News @ 1 pm on 28th june-2022
नईदिल्लीलीक्स… महाराष्ट्र में भाजपा संग सरकार पर मंथन। द. अफ्रीका के नाइट क्लब में 21 बच्चों की मौत। ट्रक में मिले 46 शव। साथ में प्रमुख खबरें।
शिंदे और भाजपा में सीएम पद पर मशक्कत
महाराष्ट्र में शिवसेना का बागी गुट भाजपा के साथ सरकार बनाने के विकल्प पर मंथन कर रहा है। दोनों पक्षों के बीच सीएम पद को लेकर सबसे ज्यादा विचार है।
दिल्ली में होगी शिंदे की भाजपा नेताओँ से बात
भाजपा शिंदे को डिप्टी सीएम का पद देने के मूड में है, लेकिन शिंदे गुट इससे सहमत नहीं हो रहा है। दिल्ली में शिंदे और भाजपा नेताओं व देवेंद्र फणनवीस के बीच वार्ता होने वाली है।
फ्लोर टेस्ट के विरोध में सुप्रीम कोर्ट जाएगी शिवसेना
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर बाद कैबिनेट की मीटिंग बुलाई है, जिसमें नये घटनाक्रम पर विचार करने के साथ फ्लोर टेस्ट की रणनीति तय की जाएगी। शिवसेना फ्लोर टेस्ट के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में जाने की भी तैयारी भी कर रही है।
मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरने से तीन की मौत
मुंबई में गिरी चार मंजिला इमारत में तीन लोगों की मौत हुई है। एनडीआरएफ की टीम ने एक दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। कुर्ला पूर्व के नाइक नगर, में सोमवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई, रात में ढहने से लोग बिल्डिंग में फंस गए थे। एनडीआरएफ के उप कमांडेंट आशीष कुमार का कहना है कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। एक दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इतने ही लोगों के अभी फंसे होने की आशंका है।
स्कूली परीक्षा खत्म होने पर जश्न मनाने आए थे
दक्षिण अफ्रीका के ईस्ट लंदन के एक नाइट क्लब में 21 नाबालिग बच्चों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है। पुलिस का मानना है कि इन बच्चों ने कोई जहरीला पदार्थ खाया अथवा सूंघा है, जिससे इनकी जान गई है। स्कूली बच्चे नाइट क्लब में स्कूली परीक्षाएं खत्म होने और जन्मदिन मनाने के लिए एकत्रित हुए थे।
अमेरिका में 46 लोगों के शव ट्रक में बंद मिले
अमेरिका के टेक्सास शहर में एक ट्रक में 46 लोगों की लाशें बंद मिली हैं। 16 लोग बेहोश मिले हैं। ट्रक में मिले सभी शव प्रवासियों के हैं। मामला मानव तस्करी का माना जा रहा है।
सोलह बेहोश लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया
पुलिस ने जिन लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया है, जिसमें 12 लोग बड़े और चार बच्चे हैं। इन लोगों को चोरी-छिपे अमेरिका में प्रवेश कराने का प्रयास किया गया था। पुलिस के मुताबिक इनकी मौत पानी की कमी से होना प्रतीत हो रहा है।