आगरालीक्स.. ट्रंप और विडेन में कांटे की टक्कर, आगरा सहित देश दुनिया की अभी तक की खबरें
अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति पद के मतदान के बाद अब मतगणना चल रही है। प्रारंभिक रुझानों में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो विडेन के बीच कांटे का संघर्ष चल रहा है। 270 के जादुई आंकड़े से अभी दोनों दूर हैं। ट्रंप को जहां 213 वोट मिले हैं, वहीं विडेन 224 वोट पाकर मामूली बढ़त बनाए हुए हैं। अभी आठ करोड़ से ज्यादा डाक मतपत्रों की गणना होनी बाकी है, उसी के बाद फैसला हो पाएगा कि इस बार राष्ट्रपति ट्रंप होंगे अथवा विडेन। इस बीच अमेरिका में व्हाइट हाउस समेत सभी जगह कड़ी सजगता बरती जा रही है। व्हाइट हाउस के चारों ओर अस्थाई दीवारें खड़ी कर दी गई हैं और नेशनल गार्ड चौकसी बरत रहे हैं।
वैवाहिक विवादः दोनों पक्षों को देना होगा आय का ब्योरा
सुप्रीम कोर्ट ने वैवाहिक विवादों में पीड़िता को गुजारा भत्ता की रकम अदा करने को लेकर नई गाइड लाइंस जारी की हैं। कोर्ट के मुताबिक अब विवाद के कोर्ट में जाने के साथ ही दोनों पक्षों को अपनी आमदनी के स्रोत समेत पूरा ब्योरा देना होगा। इसके बाद ही गुजारा भत्ता की रकम तय की जाएगी। कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा है कि हाईकोर्ट इस पर अमल करेंगे। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस इंदू मल्होत्रा और जस्टिस सुभाष रेड्डी की पीठ ने दिया है।
तीन रॉफेल आज आएंगे
फ्रांस से तीन और युद्धक विमान राफेल आज भारत पहुंचने वाले हैं। भारतीय वायुसेना में पहले ही पांच रॉफेल विमान शामिल किए जा चुके हैं। फ्रांस से 36 रॉफेल विमान खरीदने का करार हुआ है। दूसरी खेप में भेजे गए तीनों रॉफेल फ्रांस से उड़कर सीधे भारत पहुंच रहे हैं। इन युद्धक विमानों के आने से भारतीय वायुसेना की ताकत और बढ़ जाएगी।
पटाखा गोदाम में विस्फोट
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आज सुबह एक पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पटाखा गोदाम नगर के कप्तानगंज थाने के अंतर्गत एक घनी बस्ती में हुआ। पुलिस मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुट गई है।
कोरोना संक्रमित 83 लाख के पार
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमितों की संख्या 83 लाख के पार हो गई है। पिछले 24 घंटों में 46,253 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इसी दौरान 53,357 मरीज ठीक हुए हैं। 514 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 1,23,611 हो गई है। देश में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। अब 5.5 लाख एक्टिव केस ही बचे हैं। पॉजिटिविटी 3.82 और मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। देश में अब तक कुल 11,29,98, 959 कोरोना सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं दिल्ली में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड तोड़ संक्रमित हुए हैं।