नईदिल्लीलीक्स… सुप्रीम कोर्ट ने किसान आंदोलन पर चिंता जताई है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से सैकड़ों सैलानी फंसे। बर्ड फ्लू को लेकर कंट्रोल रूम बना। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
सुप्रीम कोर्ट किसान आंदोलन पर चिंतित
सुप्रीम कोर्ट ने नये कृषि कानूनों के विरोध में किसानों और सरकार के बीच वार्ता बेनतीजा रहने पर चिंता जताई है। किसान कृषि कानूनों के विरोध में एक माह से ज्यादा समय से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार के साथ कई चरण की बातचीत विफल रही है। बुधवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और अटार्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा कि हमें उम्मीद है यह गतिरोध जल्द समाप्त होगा।
किसानों का ट्रैक्टर मार्च कल
कृषि कानूनों की वापसी को लेकर आज बुधवार को होने वाला ट्रैक्टर मार्च स्थगित कर दिया गया है। अब सात जनवरी को दिल्ली के चारों ओर सुबह 11 बजे से ट्रैक्टर मार्च होगा। ट्रैक्टर मार्च कुंडली बार्डर, टिकरी बार्डर, गाजीपुर बार्डर, रेवासन से पलवल की ओर कूच करेगा।
बर्फबारी से सैकड़ों सैलानी फंसे
हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी में सैकड़ों पर्यटक फंस गए हैं। सड़कों पर बर्फबारी की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई है। कई किलोमीटर तक गाड़ियो की कतार लग गई हैं। लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी की वजह से 322 सड़कें बंद हो गई है। लाहौल स्फीति जिले में बर्फबारी की वजह से 177 सड़कों को बंद कर दिया गया है। शिमला में 83 और किन्नौर में 48 सड़कें बर्फबारी की वजह से अवरुद्ध हो गई हैं। बर्फबारी से राज्य में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
इस बार बिना अतिथि के गणतंत्र दिवस
ब्रिटेन के प्रधानमंत्रई बोरिस जॉनसन के भारत दौरा रद्द होने के बाद गणतंत्र दिवस समारोह बिना मुख्य अतिथि के होगा। यह चौथा मौका है जब गणतंत्र दिवस बिना किसी मुख्य अतिथि के आयोजित होगा। इससे पहले वर्ष 1952, 1953 और 1966 में ऐसा हो चुका है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्रई ने ब्रिटेन में मिले कोरोना के नये स्ट्रेन मिलने के बाद भारत का दौरा रद्द किया।
बर्ड फ्लू को लेकर बना कंट्रोल रूम, 12 हॉटस्पॉट
देश में के छह राज्यों में कोरोना के बाद बर्ड फ्लू की दस्तक से राज्य सरकारें अलर्ट पर हैं। केंद्र सरकार ने इसे देखते हुए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है ताकि राज्य एक दूसरे के संपर्क में रह सकें। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें चिकित्सा मंत्री समेत अन्य अकारी मौजूद रहे, जिसमें पक्षियों के नमूने लेने के साथ कई निर्णय लिए गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा जो जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक राजस्थान के बारन, कोटा, झालावाड़, मध्य प्रदेश के मंदसौर, इंदौर,, मालव, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, केरल के कोट्टायम, अल्लापूझा में बर्ड फ्लू का असर ज्यादा देखा गया है।
अमरिका में कई चीनी एप पर प्रतिबंध
अमेरिका ने कई चीनी एप पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी विदाई से पहले यह कार्रवाई की है। इस बारे में उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी सलाह नहीं की है। इससे पहले भी अमेरिका चीनी एप पर प्रतिबंध लगा चुका है।