नईदिल्लीलीक्स… ( 7April ) । पूर्व सीएम मुलायम सिंह की भतीजी को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया। बाहुबली मुख्तार अंसारी बांदा जेल पहुंचा। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
मुलायम की भतीजी को भाजपा की टिकट
सपा के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव को घिरोर (मैनपुरी) के वार्ड 18 से पंचायत सदस्य पद का प्रत्याशी बनाया है। संध्या यादव पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं। वह पिछले चुनाव में सपा की टिकट पर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीती थीं। संध्या यादव के पति पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
तड़के बांदा पहुंचा मुख्तार अंसारी
पंजाब की रोपड़ जेल से 14 घंटे का सफर करने के बाद बाहुबली मुख्तार अंसारी आज तड़के साढ़े चार बजे बांदा जेल पहुंचा। बांदा जेल में चार डाक्टरों की टीम ने उसका मेडिकल चेकअप किया और उसे जेल की बैरक में शिफ्ट किया। रोपड़ में कोर्ट तक व्हील चेयर पर आया। अंसारी अपनी बैरक तक अपने पैरों पर चलकर गया। मुख्तार अंसारी 26 महीने बाद यूपी लौटा है।
प्रेम संबंध में बाधक बेटी की मां ने की हत्या
प्रेम संबंध में बाधा बन रही पांच साल की एक लड़की की उसकी मां ने ही हत्या कर दी और उसका शव कुएं में फेंक दिया। घटना उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद की है। घटना 31 मार्च की है, लेकिन इसका खुलासा कल मंगलवार को हुआ। इस दौरान महिला ने बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। शक होने पर ससुरालियों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। कड़ी पूछताछ के बाद महिला ने पूरी घटना का खुलासा किया।
फिर खुला माउंट एवरेस्ट नेपाल ने बीते साल कोरोना संक्रमण के चलते पर्वतारोहण पर लगी रोक हटा ली है। अब माउंट एवरेस्ट समेत सात चोटियां पर्वतारोहियों के लिए खोल दी गई हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कई नियम भी लागू किए गए हैं। इसमें टेस्टिंग, मास्क औऱ आपस में दूरी अनिवार्य की गई है। इस बार एवरेस्ट पर न पार्टी होगी औऱ न लोग एक दूसरे के गले मिलेंगे। बस दूर से नमस्ते होगी।