नईदिल्लीलीक्स… पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को तीन साल की सजा, चुनाव लड़ने पर रोक। ज्ञानवापी का सर्वे जारी। मणिपुर में सरकारी हथियार लूटे। साथ में प्रमुख खबरें…
इमरान खान के पांच साल तक चुनाव लड़ने पर रोक

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को तोशाखाने मामले में तीन साल की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।इस्लामाबाद की ट्रायल कोर्ट ने इमरान खान की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
तोशाखाना सहित भ्रष्टाचार के भी लगे आरोप
ट्रायल कोर्ट ने फैसले में कहा है कि पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान ने तोशाखाने मामले में चुनाव आयोग को गलत जानकारियां दी थीं। इसके साथ ही वह भ्रष्टाचार के मामले में लिप्त थे। कोर्ट ने कल ही फैसले को सुरक्षित रखा था।
ज्ञानवापी परिसर के सर्वे में मुस्लिम पक्ष संतुष्ट

वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में आज दूसरे दिन भी एएसआई टीम का सर्वे शुरू हो गया है। आज हो रहे सर्वे में मुस्लिम पक्ष के वकील भी शामिल हुए हैं। मुस्लिम पक्ष के वकील मुमताज अहमद ने कहा कि हम एएसआई के सर्वे से संतुष्ट हैं और टीम को सहायता कर रहे हैं।
वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस बीच वाराणसी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात हैं। हिंदू पक्ष के वकील सुधीर त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि एएसआई सर्वे आज सुबह 9 बजे शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि हम सभी से अपील करते हैं कि सर्वेक्षण में सहयोग करें।
मणिपुर की हिंसा में तीन मरे, दो पुलिस चौक़ियों से हथियार लूटे
मणिपुर में हिंसा थम नहीं रही है। बीती रात हिंसक घटनाओं में तीन लोग मारे गए हैं। वहीं दो पुलिस चौकियों से सरकारी हथियार लूट लिए गए हैं। मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह के मुताबिक विष्णुपुर इलाके में भीड़ द्वारा पुलिस चौकी के शस्त्रागार से लूट की गई है, जिसकी जांच की जा रही है दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं रात को हुई हिंसा में कई घरों और वाहनों को जला दिया गया, जिसमें तीन लोग मारे गए।