आगरालीक्स ..आगरा में दीपावली का उत्साह और उमंग हैं, आज भी बाजारों में भीड है, आगरा सहित देश दुनिया की खबरें.
हमें आजमाया तो प्रचंड जवाबः मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भी दीपावली सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ मनाई। राजस्थान के जैसलमेर में लोगोंवाल बॉर्डर पर जवानों के साथ दीपावली मनाते हुए जवानों को संबोधित किया। उन्होंने जवानों के शौर्य और पराक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज का भारत समझने औऱ समझाने की नीति पर विश्वास करता है लेकिन अगर हमें आजमाने की कोशिश की तो उसका उतना ही प्रचंड रूप से जवाब दिया जाएगा। पीएम ने चीन पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विस्तारवादी नीति की सारी दुनिया आलोचना कर रही है।
44,684 नए संक्रमित, 520 की मौत
देश आज कोरोना वायरस के कहर के बीच दीपावली मना रहा है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण और उससे होने वाली मौतों का आंकड़ा कम हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 44,684 नए मामले प्रकाश में आए हैं। इसी अवधि में 520 मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब तक 87,73 लाख संक्रमित और 1,29,188 लोग जान गंवा चुके हैं। राहत की बात यह है कि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। अभी देश में कुल 4,80, 779 एक्टिव केस ही बचे हैं।
इटली में हालात बेकाबू
इटली में एक बार फिर कोरोना वायरस का कहर तेज हो गया है। एक वीडियो को लेकर लोगों में गुस्सा भड़क उठा है। उक्त वीडियो में एक मरीज के शव को हॉस्पीटल के टॉयलेट में देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि उक्त शव एक कोरोना पीड़ित व्यक्ति का था। इटली के विदेश मंत्री लुगी डी मैओ के मुताबिक इटली के कई इलाकों में कोरोना वायरस की वजह से हालात बेकाबू हो गए हैं। उहोंने कहा कि नेपल्स औऱ कैम्पेनिया के कई क्षेत्रों में हालात बहुत ज्यादा खऱाब हो गए हैं।
प. बंगाल में एकजुट होगा विपक्ष
प. बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में क्या विपक्षी पार्टियां (तृणमूल कांग्रेस, वाम मोर्चा और कांग्रेस) क्या भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर साझा उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के सुझावों को मान लिया गया तो प. बंगला विधानसभा चुनावों में यह तस्वीर उभर सकती है। हालांकि वाममोर्चा के नेता इसके लिए अभी तैयार नहीं हैं। लेकिन दीपांकर भट्टाचार्य की टिप्पणी ने राज्य के राजनीतिक माहौल में हलचल मचा दी है।