आगरालीक्स….. आगरा का फोटो, आटो में अपने पति को मुंह से आक्सीजन देती महिला और श्री पारस हॉस्पिटल में मौत की मौक ड्रिल का मामला प्रदेश में सुर्खिया बना हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री ने विधान परिषद में पूछे गए सवाल पर कहा कि कोरोना में आक्सीजन की कमी से कोई मौत नहीं हुई। इसके बाद से यह फोटो और स्वास्थ्य मंत्री का जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आगरा सहित प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में हॉस्पिटल में बेड नहीं मिले थे और आक्सीजन की कमी हो गई थी। आक्सीजन प्लांट के बाहर लंबी लाइन लगी थी। ऐसे में विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य दीपक सिंह के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में भर्ती कोरोना के 22 हजार 915 मरीजों की मौत हुई, डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार किसी भी मरीज की मौत आक्सीजन की कमी के कारण नहीं हुई। इस पर कांग्रेस सदस्य दीपक ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में कई मंत्री और सांसदों ने सरकार को पत्र लिखकर आक्सीजन की कमी का जिक्र किया था, इस मामले में सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस सदस्य दीपक सिंह ने सदन से बहिर्गमन किया।
श्री पारस हॉस्पिटल का मामला भी गूंजा
विधान परिषद में सपा सदस्य उदयवीर सिंह ने कहा कि आगरा में श्री पारस हॉस्पिटल का एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें डॉक्टर कह रहे थे कि पांच मिनट के लिए आक्सीजन बंद कर दो, इससे कई मरीजों की मौत हो गई थी और हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई भी हुई थी।
आगरा का आटो वाला फोटो हो रहा वायरल
स्वास्थ्य मंत्री के जवाब के बाद आगरा का एक फोटो भी वायरल हो रहा है। यह फोटो सिकंदरा निवासी महिला का है, पति की तबीयत बिगड़ने पर वह आटो से अपने पति को लेकर निजी अस्पताल पहुंची। वहां उन्हें भर्ती नहीं किया गया, वह आटो से ही एसएन इमरजेंसी पहुंची। यहां पति की सांस उखड़ने पर महिला अपने मुंह से ही सांस लेने लगी, लेकिन पति को नहीं बचा सकी।