आगरालीक्स.. आगरा के तेल माफिया मनोज गोयल की एक दुकान और कार की कुर्की की गई, तीन साल पहले खरीदी थी दुकान, अभी मनोज गोयल जेल से बाहर है। पढे पूरी स्टोरी।
सोमवार शाम पांच बजे एसीएम प्रथम आगरा विनोद कुमार जोशी और मथुरा के हाईवे थाना के इंस्पेक्टर विनोद कुमार कमला नगर स्थित दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने दुकान को सील कर दिया और दुकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया। यह दुकान आगरा के नेहरू नगर निवासी मनोज गोयल मनोज गोयल ने वर्ष 2017 के बाद 1.15 करोड़ की खरीदी थी। टीम नेहरू नगर पुलिस चौकी के पास स्थित उसके बंगले पर पहुंची। वहां काफी समय से ताला बंद है। मनोज गोयल की कार की तलाश में कई अन्य स्थानों पर दबिश दी। मनोज गाेयल के भाई ने पुलिस को कार सौंपी। अब कार हाईवे थाने में सीज रहेगी और दुकान पर भी सील लगी रहेगी। जिलाधिकारी मथुरा के कोर्ट में केस चलेगा। यहां पुलिस प्रशासन को यह साबित करना होगा कि यह संपत्ति मनोज गोयल ने अपराध से अर्जित धन से ही खरीदी थी। यह सिद्ध होने के बाद ही इसकी नीलामी हो सकेगी।
ये है मामला
आगरा के नेहरू नगर निवासी मनोज गोयल का तेल का बडा काम है, उसके कई पेट्रोल पंप हैं, मथुरा रिफाइनरी से जालंधर को जा रही पेट्रोलियम पदार्थ की पाइप लाइन में मनोज गोयल और उसके साथियों ने थाना हाईवे क्षेत्र की कृष्णापुरम कॉलोनी में सेंध लगा दी थी। इस मामले में मथुरा के हाईवे थाने में मनोज गोयल और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। 16 मई 2017 को इसमें चार्जशीट दाखिल हो गई। मनोज गोयल और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा लिखा गया । उसी मुकदमे में चार्जशीट के बाद 14(1) के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई होनी थी। पिछले एक साल से कार्रवाई अटकी थी।
मकान में सुरंग खोदकर 2 करोड की पेट्रोल की चोरी
मथुरा रिफायनरी से जालंधर जा रही तेल की पाइप लाइन से हाईवे थाना क्षेत्र में तेल चोरी किया जा रहा था। मनोज गोयल ने एक मकान से करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी सुरंग खोद कर पाइप लाइन में बॉल्व कस दिया था। इसमें बिजली की लाइन भी बिछा दी गई थी। इसी सुरंग से तेल चुराया जा रहा था। 17 फरवरी 2017 को पाइप लाइन से तेल चोरी का भंडाफोड़ हुआ था। मौके से पुलिस को तेल से भरा एक टैंकर और तेल चुराने के उपकरण भी मिले थे। इस गैंग में 17 लोग शामिल थे और इसका सरगना मनोज गोयल था, जिसको 26 मार्च 2017 को एसटीएफ ने हाईवे पर भरतपुर तिराहे के समीप से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने 16 मई 2017 को कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी। मनोज गोयल के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई थी। मथुरा के हाईवे थाना पुलिस ने अपनी जांच रिपोर्ट में यह लिखा था कि जालंधर पाइप लाइन में वॉल्व लगाकर तेल की चोरी की जा रही थी। यह चोरी वर्ष 2015 से की जा रही थी। रिफाइनरी के अधिकारियों ने जांच के बाद बताया था कि करीब 380000 लीटर पेट्रोल चोरी हुआ था। उस समय उसकी कीमत 24649300 रुपये थी।