आगरालीक्स…. आगरा में ओमिक्रॉन के अलर्ट के बीच होटल में ठहरे 40 विदेशी नागरिक गायब, इनके नाम और पते भी गलत, मोबाइल नंबर भी बंद, जांच में जुटी एलआईयू।
आगरा में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। यहां दुनिया भर से विदेशी पर्यटक आते हैं। ओमिक्रॉन के संक्रमण की रोकथाम के लिए विदेशी पर्यटकों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को हर रोज एयरपोर्ट और शासन स्तर से पर्यटकों की सूची दी जा रही है। इस सूची के आधार पर टीम होटल में पहुंच रही है।

40 पर्यटक नहीं मिले, नाम, पते और मोबाइल नंबर भी गलत
आगरा में ओमिक्रॉन के अलर्ट के बाद 175 पर्यटक आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसमें से 130 पर्यटकों की स्क्रीनिंग और सैंपल लिए जा चुके हैं। 40 पर्यटकों का पता नहीं चला है। इन पर्यटकों के सैंपल लेने के लिए जिस होटल में ठहरे थे वहां टीम पहुंची। होटल में पर्यटकों ने अपना नाम पता भी गलत दर्ज कराया है। एक दिन होटल में रुकने के बाद पर्यटक चले गए। उनके इंटरनेशनल नंबर पर कॉल की गई तो मोबाइल नंबर बंद मिले। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि 40 पर्यटकों की सूची एलआईयू को दी गई है, जिससे पर्यटकों का पता चल सके। वे जिस जगह गए हैं वहां उनके सैंपल लिए जा सकें।