आगरालीक्स..स्टेशन पर यात्री ने की प्लेटफार्म पर पंखा चलाने की मांग, रेलवे ने कहा—फरवरी में नहीं चलता पंखा…पढ़ें पंखा चलाने को लेकर रेलवे का नियम
फरवरी में ही मौसम बदलने लगा है. आज का दिन काफी गर्म रहा. आगरा में ही दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा. आगरा के साथ दिल्ली में भी पारा चढ़ने लगा है. ऐसे में ट्रेन के मुसाफिर रात के वक्त में कूलिंग प्वाइंट कम करने की मांग करने लगे हैं तो वहीं स्टेशन के प्लेटफार्म पर भी पंखा चलाने की मांग होने लगी है. लेकिन रेलवे का कहना है कि फरवरी में पंखा नहीं चलता. इसके लिए एक नियम भी है. रेलवे का नियम है कि 15 मार्च के बाद ही प्लेटफार्म पर पंखा चलाने की अनुमति है.

नई दिल्ली से एक मामला सामने आया है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कई यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधक से पंखा चलाने की मांग की. इसकी शिकायत भी की गई लेकिन उन्हें यह समझाया गया कि रेलवे का नियम यह कहता है कि फरवरी में पंखे नहीं चलते. 15 मार्च के बाद ही पंखा चलाने की अनुमति है. ऐसा नियम है. इसको लेकर यात्री ने सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो साझा किया है जिसमें कहा है कि नई दिल्ली स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गर्मी से यात्रियों का बुरा हाल है एक भी पंखा नहीं चल रहा है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिकायत पर स्टेशन डायरेक्टर का कहना था कि ये रेलवे बोर्ड का नियम है कि फरवरी में पंखे नहीं चलते. हालांकि रेलवे का तर्क है कि सभी यात्री पंखा चलाने की मांग नहीं कर रहे हैं. कुछ यात्रियों की मांग पर चलाया भी जाए तो अन्य यात्री ऐतराज करेंगे, क्योंकि हर तरह के मुसाफिर प्लेटफार्म पर आते—जाते रहते हैं. बुजुर्ग यात्रियों का भी ख्याल रखना पड़ता है.