आगरालीक्स…(17 December 2021 News) आगरा के शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह की अस्थियां गंगा में प्रवाहित. भोपाल के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का हुआ अंतिम संस्कार…देखें फोटोज
आगरा के शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की अस्थियां आज गंगा में प्रवाहित कर दी गईं. आगरा से शुक्रवार सुबह इनके परिजन सोरों स्थित गंगा घाट पर पहुंचे. यहां शहीद विंग कमांडर की पत्नी कामिनी सिंह चौहान, बेटा अविराज व बेटी आराध्या ने इनकी अस्थियां गंगा में प्रवाहित कीं. इस दौरान घाट पर मौजूद हर किसी की आंखें नम रहीं. बता दें कि आगरा के शहीद विंग कमांडर दयालबाग स्थित सरन नगर के रहने वाले थे. तमिलनाडु के कून्नूर में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में ये जनरल बिपिन रावत सहित 12 अन्य के साथ शहीद हो गए थे. आगरा में इनका अंतिम संस्कार पूरा राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ ताजगंज स्थित मोक्षधाम पर किया गया.
वहीं हेलिकॉप्टर हादसे में एकमात्र जिंदा बचे भोपाल के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन भी बुधवार को हो गया. हादसे के आठ दिन तक वे जिंदगी और मौत से जूझते रहे आखिरकार उन्होंने सभी को अलविदा कह दिया. शुक्रवार को भोपाल में इनकी अंतिम यात्रा निकाली गई. अंतिम यात्रा निकालने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह यहां पहुंचे और इन्हें सैल्यूट किया. बाद में अंतिम यात्रा निकाली गई जो कि विश्रामघाट पहुंची. यहां शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पूरा राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.