आगरालीक्स…अयोध्या के राम मंदिर में दूसरी बार होगी प्राण प्रतिष्ठा. रामलला के बाद अब भगवान राजा राम परिवार के साथ विराजेंगे. इन सात विग्रहों की भी होगी प्राण प्रतिष्ठा…जानें पूरी जानकारी
अयोध्या के राम मंदिर में एक बार फिर से प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है. पहले रामलला विराजित हुए थे तो इस बार प्राण प्रतिष्ठा में राजा राम अपने पूरे परिवार के साथ विराजित होंगे. इसके साथ ही सात देव विग्रहों की भी स्थापना मंदिर में होगी. इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम बालक राम के रूप में स्थापित किए गए थे. अब दूसरी बार प्राण प्रतिष्ठा में भगवान राजा राम के रूप में स्थापित किए जाएंगे. राम मंदिर के पहले तल पर राजा राम का दरबार होगा. इस दरबार में उनके अनुज लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता जानकी और पवन पुत्र हनुमान होंगे. यह प्राण प्रतिष्ठा पांच जून को होगी जिसके लिए राम मंदिर में तैयारियां पूरी जोर शोर से चल रही हैं.
इन सात देव विग्रहों की भी होगी प्राण प्रतिष्ठाराम मंदिर के पहले तल पर राम दरबार की स्थापना और उप मंदिरों में सात देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा होगी. इसमें परकोटा के ईशान कोण पर शिवलिंग, अग्निकोण में प्रथम पूज्य श्रीगणेश, दक्षिणी भुजा के मध्य में महाबली हनुमान, नैरित्र कोण में प्रत्यक्ष देवता सूर्य, वायव्य कोण में मां भगवती, उत्तरी भुजा के मध्य में अन्नपूर्णा माता के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी. परकोटा के दक्षिणी पश्चिमी कोने में शेषावतार प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी.
16 महीने बाद दूसरी बार प्राण प्रतिष्ठा
पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले 22 जनवरी को भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी. इस कार्यक्रम में 8000 से अधिक लोगों ने भाग लिया था. इसके मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थी. इस बार मुख्य अतिथि के रूप में सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे. यह कार्यक्रम पूरी तरह से मंदिर निर्माण का समापन भी होगा.